क्रिकेट

पंजाब किंग्स के को-ऑनर मोहित बर्मन ने बीसीसीआई से की विदेशी खिलाड़ियों को लेकर बड़ी मांग

जाब किंग्स के सह मालिक मोहित बर्मन ने इंडियन प्रीमियर लीग में विदेशी खिलाड़ियों की उपलब्धता को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने बीसीसीआई से एक बड़ी मांग की है।

Image

मोहित बर्मन और रिकी पॉन्टिंग (IPL/BCCI/Punjab Kings)

नई दिल्ली: पंजाब किंग्स के सह मालिक मोहित बर्मन ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में विदेशी खिलाड़ियों की उपलब्धता को संवेदनशील मुद्दा करार देते हुए कहा कि भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई), विदेशी बोर्ड और अन्य हितधारक यह सुनिश्चित करने के लिए बेहतर प्रयास कर सकते हैं कि दूसरे देशों के खिलाड़ी दुनिया की सबसे बड़ी टी20 लीग की पूरी अवधि के दौरान उपलब्ध रहें।

बीसीसीआई ने उन विदेशी खिलाड़ियों पर दो साल का प्रतिबंध लगा रखा है जो नीलामी में खरीदे जाने के बाद आईपीएल से नाम वापस लेते हैं। बोर्ड ने हालांकि चोटिल खिलाड़ियों के मामले में छूट दी है। इसके बावजूद विदेशी खिलाड़ियों विशेषकर स्टार खिलाड़ियों की उपलब्धता एक समस्या बनी हुई है। उदाहरण के लिए मिचेल स्टार्क को क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने टूर्नामेंट के दूसरे चरण में खेलने की अनुमति दी और तब तक दिल्ली कैपिटल्स की टीम प्लेऑफ की दौड़ से लगभग बाहर हो चुकी थी।

ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस और उनके साथी तेज गेंदबाज जोश हेज़लवुड भी चोटिल होने के कारण टूर्नामेंट के पहले दिन से ही अपनी-अपनी आईपीएल टीम के लिए उपलब्ध नहीं थे। बर्मन ने पीटीआई से कहा, ’’यह संवेदनशील मुद्दा है क्योंकि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का कार्यक्रम काफी व्यस्त है और खिलाड़ियों की अपने राष्ट्रीय बोर्ड के प्रति भी प्रतिबद्धताएं होती हैं। लेकिन जब भी किसी खिलाड़ी को फ्रेंचाइजी टीम में चुना जाता है तो उसकी उपलब्धता को लेकर स्पष्टता होनी चाहिए। जब प्रमुख खिलाड़ी नीलामी में चुने जाने के बावजूद टूर्नामेंट के महत्वपूर्ण हिस्सों के लिए उपलब्ध नहीं रहते हैं तो टीम के लिए अपनी रणनीति तैयार करना मुश्किल हो जाता है।'

पंजाब फ्रेंचाइजी में 48 प्रतिशत हिस्सेदारी रखने वाले बर्मन ने कहा,'प्रशंसक सत्र की शुरुआत से ही प्रमुख खिलाड़ियों को खेलते देखना चाहते हैं। टकराव के बजाय सहयोग से ही समाधान निकलना चाहिए। बीसीसीआई, फ्रेंचाइजी, खिलाड़ी और अंतरराष्ट्रीय बोर्ड को बेहतर तरीके से तैयारी करनी चाहिए। मेरे लिए आदर्श स्थिति यही होगी कि हमारे खिलाड़ी पहले दिन से ही उपलब्ध रहें लेकिन अगर क्रिकेट बोर्ड ने आपस में कुछ चीजें तय की हैं तो फिर हम कुछ खास नहीं कर सकते।'

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article