Anil Kumble: बीसीसीआई के बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) में दो दिन तक स्पिन का महाकुंभ चला। भारत के सबसे महान मैच विनर अनिल कुंबले ने देश के टारगेटेड और इमर्जिंग स्पिनर्स को स्पिन का गुरुमंत्र दिया। बीसीसीआई ने अपने ऑफिशियल X हैंडल पर इस मास्टरक्लास की तस्वीरें और जानकारी शेयर की। बोर्ड ने लिखा, "इस महीने की शुरुआत में टारगेटेड और इमर्जिंग स्पिनर्स ने बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में भारत के सबसे बड़े मैच विनर्स में से एक मिस्टर अनिल कुंबले के साथ 2 दिन की मास्टरक्लास बिताई। खिलाड़ियों को लीजेंड से यह सुनने का सौभाग्य मिला कि एलिट लेवल पर सफल होने के लिए क्या चाहिए और मिस्टर कुंबले ने उनके खेल के बारीक पहलुओं पर काम किया।"
इस मास्टरक्लास का क्या था मकसद?
बीसीसीआई पिछले दो साल से CoE को सिर्फ रिहैब सेंटर नहीं, बल्कि टैलेंट फैक्ट्री के तौर पर विकसित कर रहा है। तेज गेंदबाजों के लिए पहले ही MRF और NCA में कैंप होते रहे हैं। वहीं स्पिनर्स के लिए ऐसा स्ट्रक्चर्ड प्रोग्राम पहली बार शुरू हुआ है। इसमें रणजी ट्रॉफी, दलीप ट्रॉफी, अंडर-19 और इंडिया ए में अच्छा करने वाले 12 से 15 युवा स्पिनर्स को चुना गया। इनमें लेग स्पिनर, ऑफ स्पिनर और लेफ्ट आर्म स्पिनर तीनों शामिल थे। इस प्रोग्राम का मकसद अश्विन के टेस्ट से रिटायरमेंट और जडेजा के करियर के आखिरी फेज में होने के बाद अगली पीढ़ी को तैयार करना था।
भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट
अनिल कुंबले ने भारत के लिए टेस्ट में सबसे ज्यादा 619 विकेट अपने नाम किए हैं। वहीं वनडे में उनके नाम 337 विकेट हैं। इस तरह उनके नाम कुल 953 इंटरनेशनल विकेट हैं। जो भारत के किसी भी गेंदबाज से ज्यादा हगैं। अगर एशिया इलेवन के 3 विकेट जोड़ दें तो उनके नाम इंटरनेशनल क्रिकेट में 956 विकेट हैं। जो दुनिया में चौथे नंबर पर है। 7 फरवरी 1999 को दिल्ली के फिरोजशाह कोटला में पाकिस्तान के खिलाफ एक पारी में 10 विकेट लेकर वह जिम लेकर के बाद दुनिया के दूसरे गेंदबाज बने। उन्होंने बल्ले से भी 1 शतक और 5 अर्धशतक लगाए हैं। वहीं कोच के तौर पर 2016-17 में भारत ने उनके अंडर में वेस्टइंडीज, न्यूजीलैंड, इंग्लैंड, बांग्लादेश और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ लगातार 5 टेस्ट सीरीज जीती थी। वह 2015 में ICC हॉल ऑफ फेम में शामिल हुए।
