क्रिकेट

अफगानिस्तान के सामने फुस्स हो गई जापान की क्रिकेट टीम, एशियन गेम्स में मिली करारी हार

Asian Games 2026 Cricket: भारत को 48 घंटे पहले लगभग हराने वाली जापान की क्रिकेट टीम अफगानिस्तान के स्पिन के सामने टिक नहीं पाई। नागोया एशियन गेम्स 2026 में अफगानिस्तान क्रिकेट टीम ने जापान को 48 रनों से हरा दिया।

Image

अफगानिस्तान ने जापान को हराया (फोटो साभार- ACB)

Asian Games 2026 Cricket: नागोया एशियन गेम्स 2026 में अफगानिस्तान क्रिकेट टीम ने अपने अभियान की दमदार शुरुआत की है। मौजूदा सिल्वर मेडलिस्ट अफगानिस्तान ने ग्रुप स्टेज के पहले मैच में मेजबान जापान को 48 रनों से करारी मात दी। 48 घंटे पहले भारत को लगभग हराने वाली जापान की टीम अफगानिस्तान के स्पिन के सामने टिक नहीं पाई। टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने उतरी अफगानिस्तान की शुरुआत अच्छी नहीं रही। दिग्गज ऑलराउंडर मोहम्मद नबी के बेटे हसन ईसाखिल को इस मैच में डेब्यू कैप दी गई, लेकिन उनका डेब्यू फीका रहा।

अफगानिस्तान ने जापान को हराया

मेजबान टीम के रेओ साकुरानो-थॉमस ने उन्हें सिर्फ 3 रन पर LBW आउट कर दिया। लेकिन इसके बाद अफगानिस्तान ने वापसी की। ओपनर मोहम्मद अकरम ने 29 गेंदों पर 34 रन बनाए, करीम जनत ने 21 रन और कप्तान दरविश रसूली ने 29 रनों की अहम पारी खेली। अंत में मोहम्मद इशाक ने 17 गेंदों पर नाबाद 25 रन ठोककर टीम को 20 ओवर में 129/7 के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। जापान के लिए शोमा सुगाया और इब्राहिम ताकाहाशी ने 2-2 विकेट लिए।

जापान नहीं बना पाई 130 रन

130 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जापान ने शानदार शुरुआत की। रेओ साकुरानो-थॉमस ने 23 रन और केंडेल काडोवाकी-फ्लेमिंग ने 14 रन बनाए। बेंजामिन इतो-डेविस ने 8 गेंदों पर 17 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली। एक समय 8वें ओवर में जापान का स्कोर 53/3 था और वह मैच में आगे दिख रहा था। लेकिन यहीं से अफगानिस्तान के स्पिनर्स ने खेल पलट दिया। अरब गुल ने घातक गेंदबाजी करते हुए सिर्फ 8 रन देकर 4 विकेट झटके और नांगेयालिया खरोटे ने 19 रन देकर 3 विकेट लिए। जापान की पूरी टीम 81 रन पर ऑल आउट हो गई। आखिरी 8 विकेट सिर्फ 28 रन के अंदर गिर गए। इस जीत के साथ अफगानिस्तान ने ग्रुप में अपनी दावेदारी मजबूत कर ली है। वहीं दिन के दूसरे मैच में मलेशिया ने भी हांगकांग, चीन को 8 विकेट से हराकर अगले राउंड के लिए अपनी दावेदारी पेश की है।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article