आईपीएल का खूमार अभी पूरी तरह से फैंस के सिर चढ़ा भी नहीं था कि बीसीसीआई ने एक बड़ा ऐलान कर दिया। टी20 वर्ल्ड कप चैंपियन भारतीय टीम के जिम्बाब्वे दौरे का पूरा शेड्यूल जारी कर दिया है। साल 2024 के बाद यह पहली बार होगा जब भारतीय टीम जिम्बाब्बे का दौरा करेगी और तीन टी20I मैच की सीरीज खेलेगी। पिछली बार जब टीम इंडिया जिम्बाब्वे दौरे पर गई थी तो पांच टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच की सीरीज में हिस्सा लिया था।
सीरीज की शुरुआत 23 जुलाई, गुरुवार को हरारे में पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच से होगी। दूसरा मैच 25 जुलाई, शनिवार को हरारे में ही खेला जाएगा। तीसरा और अंतिम टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच 26 जुलाई, रविवार को उसी मैदान पर होगा। जून में भारतीय टीम इंग्लैंड के खिलाफ पांच टी20 अंतरराष्ट्रीय और तीन वनडे मैचों की सीरीज समाप्त करने के बाद जिम्बाब्वे के लिए रवाना होगी।
युवा खिलाड़ियों को मिल सकता है मौका
यह छोटी सी सीरीज भारतीय टीम को अपनी संयोजन रणनीतियों को परखने का मौका देगी, जिसमें आईपीएल के युवा खिलाड़ियों को भी शामिल किए जाने की उम्मीद है। वहीं, जिम्बाब्वे की टीम घरेलू मैदान पर मजबूत मेहमान टीम के खिलाफ खेलने का पूरा फायदा उठाना चाहेगी। जिम्बाब्वे के पिछले कुछ दौरों में भारतीय चयनकर्ताओं ने आईपीएल के सितारों को अंतरराष्ट्रीय अनुभव हासिल करने का मौका दिया है।
भारत का जिम्बाब्वे दौरा 2026-
- पहला टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच: गुरुवार, 23 जुलाई, हरारे
- दूसरा टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच: शनिवार, 25 जुलाई, हरारे
- तीसरा टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच: रविवार, 26 जुलाई, हरारे
टी20 वर्ल्ड कप में सुपर-8 तक पहुंची थी टीम
जिम्बाब्वे ने टी20 विश्व कप 2024 में शानदार प्रदर्शन करते हुए सुपर 8 में अपनी जगह बनाई थी। ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका पर जीत दर्ज कर टीम ने सुपर 8 में जगह पक्की की और यह टूर्नामेंट उनके लिए यादगार रहा। हालांकि, वे आगे नहीं बढ़ पाए और टूर्नामेंट से बाहर हो गए।
बड़ी टीमों को चुनौती देने में सक्षम
सुपर 8 मैचों में भले ही उन्हें संघर्ष करना पड़ा, लेकिन शुरुआती जीत ने पिछले कुछ वर्षों में टीम की बढ़ती गुणवत्ता और कम्पटीशन की मानसिकता को उजागर किया, जिससे पता चलता है कि जिम्बाब्वे अपने दिन शीर्ष टीमों को चुनौती दे सकती है। टूर्नामेंट में उनके प्रदर्शन से पता चलता है कि टीम में लगातार सुधार हुआ है और वह मजबूत प्रतिद्वंद्वियों के खिलाफ उलटफेर करने में सक्षम है।
