BAN vs PAK 2nd Test: सिलहिट में बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच खेले जा रहे टेस्ट सीरीज के दूसरे व अंतिम टेस्ट मैच के अंतिम दिन खूब ड्रामा हुआ। अर्धशतक जड़कर खेल रहे पाकिस्तान के मोहम्मद रिजवान (Mohammad Rizwan) से बांग्लादेशी खिलाड़ियों की कहासुनी हुई और बाद में ये तनातनी इतनी बढ़ती चली गई कि बांग्लादेशी खिलाड़ियों ने अलग-अलग तरह से रिजवान का मजाक उड़ाया। ये सारी आवाजें स्टंप माइक में कैद हो गईं और वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
मैच की अंतिम पारी में 437 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए पाकिस्तान ने 162 रन पर अपने 5 विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद मोहम्मद रिजवान ने मोर्चा संभाला और अर्धशतक लगाया। वो दिन के अंत तक टिके रहे, इस बीच बांग्लादेश के खिलाड़ियों से रिजवान की जमकर कहासुनी हुई और बांग्लादेश के खिलाड़ी लगातार रिजवान के खिलाफ माइंड गेम खेलते नजर आए।
क्या कुछ हुआ मैदान पर
मोहम्मद रिज़वान और लिट्टन दास के बीच मैदान पर हुई गरमागरम बहस भी दिन की बड़ी चर्चाओं में से एक बन गई। यह घटना 72वें ओवर के दौरान हुई जब तैजुल इस्लाम रिज़वान को गेंदबाजी कर रहे थे। एक फुल डिलीवरी को डिफेंड करने के बाद, पाकिस्तान के विकेटकीपर बल्लेबाज को साइट स्क्रीन के पास हलचल से ध्यान भंग होता दिखा और उन्होंने तुरंत अंपायर से शिकायत की। तभी लिट्टन दास बीच में आ गए और बहस जल्दी ही तनावपूर्ण हो गई। स्टंप माइक में सुनाई दिया, लिट्टन ने रिज़वान से पूछा, "क्या कर रहे हो?" रिज़वान ने पृष्ठभूमि क्षेत्र की ओर इशारा करते हुए जवाब दिया, "देखो, देखो, वो वहां खड़ा है।" लिट्टन ने तब जवाब दिया, "तुम वहां क्यों देख रहे हो? यहां अपनी बल्लेबाजी पर ध्यान दो।" जैसे ही बहस जारी रही, लिट्टन दास ने एक और तीखी टिप्पणी के साथ इसे समाप्त कर दिया, उन्होंने कहा, "तुमने पचास रन बनाए हैं, और अब एक्टिंग शुरू हो गई है।"
एक्टिंग, बॉलीवुड और क्या कुछ नहीं
ये बहस यहीं नहीं थमी, कुछ समय बाद बहस में गरमाहट तब बढ़ गई जब चारों तरफ से बांग्लादेश के फील्डर्स रिजवान पर बरस पड़े। किसी ने कहा कि इसको एक्टिंग नहीं आती, तो किसी ने कहा कि ये बॉलीवुड में कोशिश करेगा, अगला बयान आता है कि- नहीं बॉलीवुड में इसको नहीं लेंगे।
इन सब के बीच अंपायर असमंजस की स्थिति में दिखाई दिए। कभी रिजवान को रोकते तो कभी बांग्लादेशी खिलाड़ियों को रोकते नजर आए। सोशल मीडिया पर इस वाकये की खूब चर्चा है। अंतिम दिन पाकिस्तान को जीत के लिए अभी तकरीबन 100 रन चाहिए और सिर्फ 3 विकेट बाकी हैं।
