स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम 88 रन बनाकर रन आउट हुए। इसके चलते बाबर आजम अपना 10वां टेस्ट शतक बनाने से चूक गए। कवर में शॉर्ट खेलकर सिंगल चुराने के चक्कर में वे ब्रैंडन किंग की डायरेक्ट हिट का शिकार बन गए। इसके चलते उनके नाम एक अनोखा रिकॉर्ड जुड़ गया।
बाबर आजम टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा बार रन आउट होने वाले पाकिस्तान के दूसरे बल्लेबाज बन गए। वह 7वीं बार टेस्ट क्रिकेट करियर रन आउट। उनसे आगे जावेद मियांदाद हैं। मियांदाद अपने टेस्ट करियर में कुल 8 बार रन आउट हुए हैं। बाबर अब दूसरे पाकिस्तानी बल्लेबाज बन गए हैं।
चार साल से टेस्ट शतक का इंतजार
बाबर आजम टेस्ट में अपने अच्छे स्टार्ट को लगातार बड़े स्कोर में बदलने से चूक रहे हैं। उन्होंने अवे सीरीज की पिछली 8 पारियों में 6 बार 50 का आंकड़ा पार किया है, लेकिन वे इसे एक भी बार शतक में नहीं तब्दील कर पाए हैं। 31 वर्षीय बाबर आजम ने आखिरी टेस्ट शतक दिसंबर 2022 में न्यूजीलैंड के खिलाफ कराची में लगाया था। हालांकि, इसके बावजूद बतौर पाक कप्तान उनका 52.66 का औसत है।
शफीक ने जड़ा शतक
वहीं, दूसरी तरफ अब्दुल्ला शफीक ने अपना छठा टेस्ट शतक पूरा किया। शफीक 160 रन बनाकर नाबाद रहे। अपनी इस पारी के दौरान 15 चौके और तीन छक्के लगाए। अपनी पहली पारी में पाकिस्तान ने 387 रन बनाए और 43 रन की बढ़त हासिल की। वहीं, तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक वेस्टइंडीज ने दूसरी पारी में 6 विकेट के नुकसान पर 103 रन बना लिए हैं।
सीरीज बराबर करने की कोशिश में पाकिस्तान
दो टेस्ट मैच की सीरीज में पाकिस्तान वापसी करने की कोशिश में है। क्योंकि, पहले टेस्ट मैच में उसे 90 रन से शिकस्त मिली थी। फिलहाल वेस्टइंडीज 1-0 से आगे है। अगर पाकिस्तान दूसरा टेस्ट मैच जीतने में सफल होता है तो वह टेस्ट सीरीज में चले आ रहे हार के सिलसिले को रोक देगा।
