क्रिकेट

IND vs SL Test: टेस्ट सीरीज के लिए श्रीलंका पहुंची टीम इंडिया, 7 अगस्त से खेलेगी प्रैक्टिस मैच

आगामी टेस्ट सीरीज से पहले टीम इंडिया श्रीलंका पहुंच गई है। मंगलवार की रात भारतीय खिलाड़ियों ने कोलंबो में लैंड किया। टेस्ट सीरीज से पहले, भारत 7 अगस्त से कोलंबो में चार दिन का अभ्यास मैच खेलेगा। टेस्ट सीरीज का आगाज 15 अगस्त से होगी।

Image

टेस्ट सीरीज के लिए श्रीलंका पहुंची भारतीय टीम। फोटो- SL

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। दो टेस्ट मैच की सीरीज के लिए भारतीय टीम श्रीलंका पहुंच गई। बीते मंगलवार की रात भारतीय खिलाड़ी कोलंबो पहुंचे। यहां से वह सीधे होटल के लिए निकल गए। भारत टेस्ट सीरीज से पहले 7 अगस्त से कोलंबो में चार दिन का अभ्यास मैच खेलेगा। दो मैचों की टेस्ट सीरीज की शुरुआत 15 से 19 अगस्त तक गाले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले पहले मैच से होगी, जिसके बाद टीमें दूसरे टेस्ट के लिए कोलंबो के जाएंगी, जो 23 से 27 अगस्त तक खेला जाएगा।

भारतीय टीम के लिए यह सीरीज बेहद खास है। यह सीरीज चल रहे ICC वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 साइकल का हिस्सा होगी। शुभमन गिल की कप्तानी में भारत अभी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की स्टैंडिंग में पांचवें स्थान पर है। टीम ने नौ मैचों में चार जीत और चार हार दर्ज की हैं और उसका पॉइंट्स परसेंटेज (PCT) 48.150 है। सीरीज जीतने पर भारतीय टीम के फाइनल खेलने की दावेदारी मजबूत होगी। वहीं, हारने पर उसकी उम्मीदें लगभग खत्म हो सकती हैं।

बुमराह बाहर

सीरीज के आगाज से पहले ही भारत को बड़ा झटका लगा था। बेहतरीन तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह इस सीरीज से बाहर हो गए हैं, क्योंकि इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के दौरान लगी उनके बाएं घुटने की चोट अभी पूरी तरह ठीक नहीं हुई है। मेंस चयन समिति ने बुमराह की जगह आकिब नबी को टीम में शामिल किया है।

चोट की समस्या से परेशान टीम इंडिया

सीरीज से पहले भारत को कई खिलाड़ियों की चोटों की समस्या का भी सामना करना पड़ रहा है। हर्षित राणा हैमस्ट्रिंग की चोट और नितिश कुमार रेड्डी क्वाड्रिसेप्स की चोट के कारण बाहर हैं। वॉशिंगटन सुंदर हैमस्ट्रिंग की समस्या के कारण पहले टेस्ट से बाहर हो गए हैं, जबकि आकाश दीप भी उपलब्ध नहीं हैं क्योंकि वह पीठ में स्ट्रेस रिएक्शन से उबर रहे हैं। साई सुदर्शन का भी खेलना फिटनेस पर निर्भर करेगा।

श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए भारत की टीम:-

शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल (उप-कप्तान), यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत (WK), साई सुदर्शन*, ध्रुव जुरेल (WK), रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बरार, देवदत्त पडिक्कल, सारांश जैन और आकिब नबी।

Umesh Kumar
उमेश कुमारauthor

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article