स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। न्यूजीलैंड ने भारत के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए अपनी टीम की घोषणा कर दी है। फिटनेस संबंधी चिंताओं के बावजूद डेवोन कॉनवे, रचिन रवींद्र और टॉम ब्लंडेल को टीम में शामिल किया गया है। ये तीनों खिलाड़ी अगले हफ्ते होने वाले पहले टेस्ट मैच तक फिट हो जाने की उम्मीद कर रहे हैं। पहला टेस्ट मैच 19 नवंबर से वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व में खेला जाएगा। दूसरा मैच 27 नवंबर से क्राइस्टचर्च के हेगली ओवल में होगा।
भारत के खिलाफ वनडे सीरीज से पहले, ट्रेनिंग सेशन के दौरान तेज गेंदबाज मैट हेनरी से टकराने के कारण कॉनवे को 'कन्कशन' (सिर में चोट) हो गया था। यह ओपनर अब पहले टेस्ट से पहले पूरी तरह फिट होने की कोशिश कर रहा हैं। वहीं, सितंबर में एक प्रमोशनल शूट के दौरान कंधा खिसक जाने (डिसलोकेट होने) के बाद से रवींद्र ने कोई मैच नहीं खेला है। डाइव लगाकर कैच पकड़ने की कोशिश में इस ऑलराउंडर को चोट लग गई थी। इस वजह से वह भारत के खिलाफ वनडे और टी20 सीरीज में नहीं खेल पाए।
ब्लंडेल भी अपनी फिटनेस वापस पाने की कोशिश कर रहे हैं। यह विकेटकीपर-बल्लेबाज जांघ की चोट (क्वाड्रिसेप इंजरी) से उबर रहे हैं और जून के बाद से उन्होंने केवल एक घरेलू मैच खेला है। न्यूजीलैंड का पिछला टेस्ट असाइनमेंट जून में इंग्लैंड के खिलाफ था, जहां उन्होंने सीरीज 2-1 से जीती थी। उस सीरीज के बाद केन विलियमसन ने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी थी।
भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए तेज गेंदबाज जैकब डफी को टीम में शामिल किया गया है। वहीं, ऑलराउंडर जैक फॉल्क्स और तेज गेंदबाज विल ओ'रूर्के और बेन सियर्स चोट के कारण टीम में जगह नहीं बना पाए हैं। हेड कोच रॉब वाल्टर ने कहा कि टीम इंग्लैंड में मिली सफलता को आगे बढ़ाने की कोशिश करेगी।
भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए न्यूजीलैंड की टीम
टॉम लैथम (कप्तान), टॉम ब्लंडेल, डेवोन कॉनवे, जैकब डफी, मैट हेनरी, काइल जैमीसन, डेरिल मिचेल, हेनरी निकोल्स, ग्लेन फिलिप्स, रचिन रवींद्र, मिचेल सेंटनर, नाथन स्मिथ, ब्लेयर टिकनर और विल यंग।
