क्रिकेट

PAK vs SL: लाहौर में स्मॉग का कहर, पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच दूसरे टेस्ट मैच का वेन्यू बदला

पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच दूसरा टेस्ट मैच लाहौर से हटाकर रावलपिंडी में शिफ्ट कर दिया गया है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने इसके पीछे मौजूदा मौसम की स्थिति का हवाला दिया है। यानी अब रावलपिंडी में ही दोनों टेस्ट मैच खेले जाएंगे। हालांकि, दूसरे टेस्ट मैच की तारीखों में कोई बदलाव नहीं किया गया है यह मैच 17 से 21 दिसंबर के बीच ही खेला जाएगा।

Image

लाहौर में हवा खराब, प्रदूषण के चलते PAK vs SL दूसरा टेस्ट मैच शिफ्ट। फोटो- AP

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। लाहौर इस समय भारी मौसमी स्मॉग की चपेट में है। अक्टूबर से दिसंबर के बीच भारत और पाकिस्तान दोनों ही इस समस्या से प्रभावित होते हैं। हवा की गुणवत्ता पर नजर रखने वाली स्विस टेक्नोलॉजी कंपनी 'IQAir' के अनुसार, लाहौर दुनिया के सबसे प्रदूषित शहरों में से एक है। इसके चलते पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला प्रभावित हुआ है।

पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच दूसरा टेस्ट मैच लाहौर से हटाकर रावलपिंडी में शिफ्ट कर दिया गया है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने इसके पीछे मौजूदा मौसम की स्थिति का हवाला दिया है। यानी अब रावलपिंडी में ही दोनों टेस्ट मैच खेले जाएंगे। हालांकि, दूसरे टेस्ट मैच की तारीखों में कोई बदलाव नहीं किया गया है यह मैच 17 से 21 दिसंबर के बीच ही खेला जाएगा।

ब्रॉडकास्टर्स ने जताई थी चिंता

क्रिकइन्फो के मुताबिक, ब्रॉडकास्टर्स ने चिंता जताई थी कि अगर पूरे शहर में स्मॉग की घनी परत के बीच मैच जारी रहता है तो ब्रॉडकास्ट की गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है। इस हफ्ते की शुरुआत में लाहौर में हवा की गुणवत्ता और खराब हो गई थी, जिसके बाद ब्रॉडकास्टर्स को वहां जाने की व्यवस्था न करने के लिए कहा गया। इस बीच, PCB टेस्ट मैच को दूसरी जगह शिफ्ट करने के फैसले पर विचार कर रहा था।

यह फैसला PCB की उन कोशिशों के लिए एक झटका है, जिसके तहत वे लाहौर में क्रिकेट सीजन का विस्तार करना चाहते थे। अगर यह टेस्ट मैच लाहौर में होता तो 2007 के बाद यह पहला मौका होता जब 1 नवंबर के बाद लाहौर में कोई अंतरराष्ट्रीय मैच खेला जाता।

कई बार हो चुके हैं मैच शिफ्ट

गौरतलब है कि नवंबर 2020 में पाकिस्तान और जिम्बाब्वे के बीच हुई व्हाइट-बॉल सीरीज को भी लाहौर से रावलपिंडी स्थानांतरित कर दिया गया था। वहीं, दिसंबर 2022 में न्यूजीलैंड और पाकिस्तान के बीच होने वाले एक टेस्ट मैच को मुल्तान से कराची शिफ्ट किया गया था।

पहले टेस्ट मैच का हाल

रावलपिंडी में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच की बात करें तो, श्रीलंका ने टॉस जीतकर पाकिस्तान को पहले बल्लेबाजी करने के लिए कहा। सऊद शकील (199 गेंद में 93 रन), तैयब आरिफ (51 गेंद में 57 रन), मोहम्मद ताहा (105 गेंद में 51 रन), कप्तान बाबर आजम (58 गेंद में 50 रन) और अराफात मिन्हास (72 गेंद में 52 रन) की अर्धशतकीय पारियों की मदद से मेजबान टीम ने 434/9 के स्कोर पर अपनी पारी घोषित कर दी।

श्रीलंका के लिए असिथा फर्नांडो (3/107) और दिलशान मदुशंका (3/108) सबसे सफल गेंदबाज रहे। दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक श्रीलंका का स्कोर 114/3 था, जिसमें कामिंडु मेंडिस (40*) और धनंजय डी सिल्वा (22*) नाबाद थे।

Umesh Kumar
उमेश कुमारauthor

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 8 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article