क्रिकेट

पाकिस्तान के धाकड़ खिलाड़ी ने किया संन्यास का ऐलान, इंग्लैंड के खिलाफ खेलेंगे आखिरी मैच

  • Written by: नवीन चौहानAuthored by: नवीन चौहान
  • Updated Dec 16, 2022, 02:07 PM IST

पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और धाकड़ बल्लेबाज अजहर अली ने शुक्रवार को टेस्ट क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया। इंग्लैंड के खिलाफ कराची में खेला जाने वाले आखिरी टेस्ट उनके करियर का आखिरी होगा।

Image

अजहर अली( साभार AP)

कराची: पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और धाकड़ बल्लेबाज अजहर अली ने शुक्रवार को टेस्ट क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया। इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच 17 दिसंबर से कराची में शुरू होने जा रहा सीरीज का तीसरा और उनके टेस्ट करियर का आखिरी मुकाबला होगा।

अजहर अली 100 टेस्ट खेलने वाले छठे पाकिस्तानी खिलाड़ी बनने से तीन कदम दूर रह जाएंगे। कराची टेस्ट उनके करियर का 97वां टेस्ट मैच होगा। वो पाकिस्तान के लिए सबसे ज्यादा टेस्ट रन बनाने वाले खिलाड़ियों की सूची में पांचवें पायदान पर हैं।

देश का प्रतिनिधित्व करना गौरव की बात

कराची टेस्ट से पहले अपने संन्यास का ऐलान करते हुए अजहर अली ने कहा, सर्वोच्च स्तर पर अपने देश का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए गौरव की बात थी। संन्यास का फैसला करना सबसे मुश्किल होता है। लेकिन गहराई से सोचने के बाद मुझे महसूस हुआ कि मेरे लिए टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने का यह सही समय है।

परिवार की वजह से पहुंचा इस मुकाम पर उन्होंने आगे कहा, इस बेहतरीन सफर में बहुत से लोगों ने मेरा साथ दिया उन सभी का मैं शुक्रगुजार हूं। मैं अपने परिवार का इसके लिए खास तौर पर जिक्र करना चाहता हूं। जिन्होंने मेरी सफलता के लिए बहुत से त्याग किए। मैं आज जहां हूं वो अपने परिवार की वजह से हूं, मेरे माता-पिता, पत्नी, भाई-बहनों और बच्चों ने हमेशा मेरा साथ दिया।

अली ने आगे कहा, मैं सौभाग्यशाली था कि मुझे ड्रेसिंग रूम में पाकिस्तान के बेहतरीन क्रिकेट खिलाड़ियों का साथ मिला। उनके साथ मेरे अच्छे रिश्ते हैं। उन सभी को मैं अपना दोस्त कहते हुए धनी महसूस करता हूं। मैं अपने करियर में बहुत से कोचों की देखरेख में खेला मैं उन सभी का आभारी हूं।

ऐसा रहा अजहर अली का करियर

अजहर अली ने साल 2010 में लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट करियर की शुरुआत की थी। उसके बाद उन्होंने पाकिस्तान के लिए वनडे और टेस्ट क्रिकेट खेली। उन्होंने पाकिस्तान के लिए 96 टेस्ट और 53 वनडे खेले। उन्हें पाकिस्तान के लिए अंतरराष्ट्रीय टी20 खेलने का मौका नहीं मिला। उन्होंने 96 मैच की 178 पारियों में 42.49 के औसत से 7079 रन बनाए। जिसमें 19 शतक और 35 अर्धशतक शामिल हैं। उन्होंने टेस्ट में तिहरा शतक(302*) भी जड़ा जो उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर है। वनडे में उन्होंने 53 मैच की 53 पारियों में 36.90 के औसत से 1845 रन बनाए हैं। जिसमें 3 शतक और 12 अर्धशतक शामिल हैं।
नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article