क्रिकेट

INDW vs AUSW: ऑस्ट्रेलिया ने पहले टी20 में दी टीम इंडिया को 9 विकेट से पटखनी, बेथ मूनी ने लिखी जीत की इबारत

  • Authored by: नवीन चौहानWritten by: नवीन चौहान
  • Updated Dec 9, 2022, 10:19 PM IST

ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेट टीम ने भारत के खिलाफ टी20 सीरीज की शुरुआत 9 विकेट के अंतर से धमाकेदार जीत के साथ की है। बेथ मूनी ऑस्ट्रेलिया की जीत की हीरो रहीं।

Image

ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम(@AusWomenCricket)

Photo : Twitter

मुंबई: एलिसा हीली की कप्तानी वाली ऑस्ट्रेलियाई महिला टीम ने भारत दौरे की शुरुआत जीत के साथ की है। शुक्रवार को मुंबई के डीवाय पाटिल स्टेडियम में खेले गए सीरीज के पहले टी20 मुकाबले नें ऑस्ट्रेलियाई टीम ने हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली भारतीय टीम को 9 विकेट के अंतर से मात दी। जीत के लिए मिले 173 रन के लक्ष्य को कंगारू टीम ने ओवर में विकेट और गेंद शेष रहते हासिल कर लिया।

शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना ने दिलाई धमाकेदार शुरुआत

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय महिला क्रिकेट टीम निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 172 रन का स्कोर खड़ा कर सकी। शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना की जोड़ी ने टीम को तेज शुरुआत दी। लेकिन तीसरे ओवर में अनुभवी एलिसा पेरी ने शेफाली को आउट करके ये साझेदारी तोड़ दिया। 2.5 ओवर में भारत का स्कोर 1 विकेट पर 28 रन हो गया। शेफाली 10 गेंद में 21 रन बनाकर पवेलियन लौटीं। उन्होंने अपनी पारी में दो चौके और 2 छक्के जड़े। शेफाली के आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने उतरीं जेमिमा रोड्रिगेज खाता खोले बगैर पेरी का दूसरा शिकार बनीं। 4.5 ओवर में भारत का स्कोर 45 रन पर दो विकेट हो गया। एक छोर पर मंधाना टिकी थीं।

ऐसे में मंधाना और कप्तानी हरमनप्रीत ने पारी को आगे बढ़ाया। लेकिन 59 के स्कोर पर मंधाना 28 गेंद में 22 रन बनाकर सदरलैंड की गेंद पर बेथ मूनी के हाथों लपकी गईं। उनके बाद हरमनप्रीत कौर ने देविका वैद्य के साथ पारी को आगे बढ़ाया लेकिन 76 रन के स्कोर पर उन्हें किम गेराथ ने एनाबेल सदरलैंड के हाथों कैच करा दिया। कौर 23 गेंद में 21 रन बना सकीं।

76 रन पर टीम इंडिया ने गंवा दिए थे 4 विकेट

भारत का स्कोर 11.2 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 76 रन हो गया था। ऐसे में एक छोर देविका वैद्य ने संभाला। वहीं दूसरे छोर से उन्हें पहले ऋचा घोष का साथ मिला। ऋचा 20 गेंद में 36 रन की पारी खेलकर एश्ले गार्डनर की गेंद पर एलबीडब्लू हो गईं। इसके बाद अंत में दीप्ति शर्मा 15 गेंद में 36 रन बनाकर नाबाद रहीं और टीम को 5 विकेट पर 172 रन तक पहुंचा दिया।

बेथ मूनी ने खेली मैच जिताऊ पारी

जीत के लिए 173 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया को एलिसा हीली बेथ मूनी की जोड़ी ने धमाकेदार शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 73 रन की साझेदारी की। वैद्या ने नौवें ओवर की पांचवीं गेंद पर हीली को कप्तान हरमनप्रीत कौर के हाथों कैच कराकर साझेदारी को तोड़ा। हीली ने 23 गेंद में 37 रन की पारी खेली। इसके बाद बल्लेबाजी करने आईं ताहिला मैक्ग्रा ने भी कोई मौका भारतीय गेंदबाजों को नहीं दिया और बेथ मूनी के साथ मिलकर टीम को 18.1 ओवर में 9 विकेट रहते जीत दिला दी।

9 गेंद और 9 विकेट शेष रहते दर्ज की जीत

बेथ मूनी 57 गेंद में 89 रन बनाकर और ताहिला मैक्ग्रा 29 गेंद में 40 रन बनाकर नाबाद रहीं। मूनी ने अपनी आतिशी पारी में 16 चौके जड़े। मूनी और मैक्ग्रा के बीच दूसरे विकेट के लिए 56 गेंद में 100 रन की मैच जिताऊ साझेदारी हुई। जीत के साथ ही ऑस्ट्रेलिया ने पांच मैच की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है।
नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article