क्रिकेट

IND W vs AUS W, T20 WC Semi Final Highlights: सिर्फ 5 रन से टूट गया भारत का सपना, ऑस्ट्रेलियाई टीम फाइनल में पहुंची

  • Authored by: शिवम अवस्थी
  • Updated Feb 24, 2023, 11:41 AM IST

IND Women VS AUS Women, Women's T20 WC Semi-FInal Match Highlights: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच केपटाउन में खेले गए टी20 विश्व कप 2023 के सेमीफाइनल मैच में ऑस्ट्रेलियाई टीम ने भारत को 5 रन से शिकस्त देकर फाइनल में अपनी जगह बना ली है। भारत काफी मेहनत के बाद टूर्नामेंट से बाहर हो गया है।

Image

ऑस्ट्रेलिया फाइनल में पहुंचा (AP)

IND Women vs AUS Women T20 World Cup 2023 Semi-Final Highlights: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले गए टी20 विश्व कप 2023 के सेमीफाइनल मुकाबले में ऑस्ट्रेलियाई टीम ने पूरा दम लगाते हुए भारतीय महिला क्रिकेट टीम को शिकस्त देकर फाइनल में जगह बना ली है। ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 173 रनों का लक्ष्य दिया था, जवाब में भारत अंतिम ओवर तक तो पहुंचा लेकिन अंतिम ओवर में 16 ओवर चाहिए थे और भारत 8 विकेट खोकर 167 रन बना सकी और 5 रन से मैच हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गई।

इससे पहले, भारत के लचर क्षेत्ररक्षण का पूरा फायदा उठाते हुए आस्ट्रेलिया ने गुरूवार को यहां आईसीसी महिला टी20 विश्व कप के पहले सेमीफाइनल में चार विकेट पर 172 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। भारतीय गेंदबाजी का प्रदर्शन भी निराशाजनक रहा जिसमें भी काफी सुधार की जरूरत है, जिससे बेथ मूनी ने 37 गेंद में 54 रन की शानदारी पारी से भारत के खिलाफ अपना बेहतरीन रिकॉर्ड जारी रखा।

ऑस्ट्रेलिया का आक्रामक रुख

खेल की सर्वश्रेष्ठ ‘पावर हिटर’ खिलाड़ियों में शुमार एशले गार्डनर ने 18 गेंद में 31 रन बनाये जबकि कप्तान मेग लैनिंग 34 गेंद में 49 रन बनाकर नाबाद रहीं।आस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला किया और भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने एक दिन पहले तेज बुखार के बावजूद इस नॉकआउट मैच खेलने का फैसला किया। स्विंग नहीं मिलने से भारत की स्टार गेंदबाज रेणुका सिंह को काफी मुश्किल हुई।

एलिसा हीली (26 गेंद में 25 रन) आमतौर पर मूनी के साथ पहली पारी की साझेदारी में काफी आक्रामकता दिखाती हैं लेकिन गुरूवार को ऐसा नहीं हुआ। मूनी ने 52 रन की भागीदारी के दौरान नियमित अंतराल पर बाउंड्री लगाना जारी रखा। मूनी जब 32 रन पर थीं, तब लांग ऑन पर शेफाली वर्मा ने उनका कैच छोड़ दिया। टूर्नामेंट में भारत की सबसे निरंतर स्पिनर रहीं दीप्ति शर्मा ने अपने शुरूआती स्पैल में काफी शार्ट गेंद फेंकी। उनके दूसरे ओवर में 12 रन बने जिसमें मूनी ने वाइड लांग ऑफ पर गगनचुंबी छक्का जड़ा।

खराब फील्डिंग ने खेल बिगाड़ा

गेंदबाजों की अनिरंतर लाइन एवं लेंथ के अलावा खराब क्षेत्ररक्षण और कैच छोड़ने से भारत ने काफी रन लुटाये। लैनिंग ने अपनी पारी के शुरूआत में मिले जीवनदान का पूरा फायदा उठाते हुए 34 गेंद में नाबाद 49 रन बनाये जिसमें 20वें ओवर में रेणुका पर दो छक्के और एक चौका भी शामिल रहा। रेणुका कोई विकेट नहीं ले सकीं और चार ओवर में उन्होंने 41 रन लुटाये।

पूजा वस्त्राकर की जगह खेल रहीं स्नेह राणा कोई विकेट नहीं चटका सकीं, हालांकि उन्होंने अपनी गेंदों से बल्लेबाजों को परेशान किया। उनके पहले ओवर में लैनिंग विकेट के पीछे आउट हो सकती थीं लेकिन विकेटकीपर ऋचा घोष ने मौका गंवा दिया। ऋचा ने लैनिंग का एक स्टंपिंग का मौका भी खराब कर दिया।अंतिम पांच ओवर में आस्ट्रेलिया ने 59 रन जोड़े।

भारतीय पारी का हाल

भारत की तरफ से पहली तीन बल्लेबाज 9,2 और 4 रन के स्कोर पर पवेलियन लौट गईं। इसके बाद कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 52 रनों की शानदार पारी खेलकर उम्मीद जगाई और इस दौरान जेमीमा रोड्रीग्स ने भी उनका अच्छा साथ दिया। लेकिन हरमनप्रीत कौर 15वें ओवर में जैसे ही आउट हुईं, मैच एक बार फिर पलटता चला गया।

भारत की अंतिम बल्लेबाजों में दीप्ति शर्मा ने 20, रिचा घोष ने 14, स्नेह राणा 11 और राधा यादव 0 पर आउट हो गईं। इसके साथ ही अंतिम ओवर में मिले 16 रन के लक्ष्य को भारत हासिल नहीं कर सका और भारत 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 167 रन ही बना सकी।

शिवम अवस्थी
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article