बैंकिंग से जुड़े काम करते समय आपने IFSC, MICR और Branch Code जैसे शब्द जरूर सुने होंगे। कई बार बैंक फॉर्म भरते समय या किसी को पैसे भेजते समय इन कोड की जरूरत पड़ती है। देखने में ये तीनों एक जैसे लग सकते हैं, लेकिन इनका काम अलग-अलग होता है। इस आर्टिकल में बैंक से जुड़ी इन तीनों ही टर्म्स का मतलब आसान भाषा में समझाने जा रहे हैं-
IFSC Code क्या होता है?
सबसे पहले यही समझते हैं कि IFSC क्या है। दरअसल, IFSC यानी Indian Financial System Code यह 11 अंकों का अल्फान्यूमेरिक कोड होता है। इसका मतलब है कि यह कोड इंग्लिश लेटर और नंबर दोनों को मिलाकर बनता है। इसका इस्तेमाल किसी खास बैंक और उसकी ब्रांच की पहचान करने के लिए किया जाता है।
जब आप NEFT, RTGS या IMPS के जरिए पैसे ट्रांसफर करते हैं, तो IFSC कोड की मदद से बैंकिंग सिस्टम सही बैंक ब्रांच की पहचान करता है।
IFSC के पहले चार अक्षर बैंक की पहचान करते हैं। इसके बाद पांचवां कैरेक्टर हमेशा 0 होता है, जिसे भविष्य के इस्तेमाल के लिए रखा गया है। आखिरी छह कैरेक्टर संबंधित बैंक ब्रांच की पहचान करते हैं।
MICR Code क्या है?
MICR यानी Magnetic Ink Character Recognition 9 अंकों का नंबर होता है और मुख्य रूप से चेक की प्रोसेसिंग और क्लियरिंग में इस्तेमाल किया जाता है। MICR कोड आमतौर पर चेक के नीचे प्रिंट होता है। इसकी मदद से मशीनें चेक को पढ़कर उन्हें तेजी से प्रोसेस और सॉर्ट कर सकती हैं।
MICR के पहले तीन अंक शहर को दर्शाते हैं। अगले तीन अंक बैंक की पहचान बताते हैं, जबकि आखिरी तीन अंक बैंक ब्रांच की पहचान करते हैं।
Branch Code क्या होता है?
Branch Code को लेकर अक्सर लोगों को लगता है कि यह IFSC और MICR की तरह एक अलग बैंकिंग कोड है। लेकिन ऐसा नहीं है। असल में Branch Code, IFSC के आखिरी छह कैरेक्टर होते हैं। यानी अगर आपके बैंक का IFSC पता है तो उसमें Branch Code भी मौजूद है।
तीनों में क्या है अंतर
IFSC का इस्तेमाल मुख्य रूप से इलेक्ट्रॉनिक फंड ट्रांसफर के लिए होता है। वहीं MICR चेक क्लियरिंग के काम आता है। दूसरी तरफ Branch Code, IFSC के अंदर मौजूद शाखा की पहचान करने वाला हिस्सा है।
इसका मतलब है कि आपको तीन अलग-अलग चीजों को याद रखने की जरूरत नहीं है। IFSC और MICR दो अलग-अलग सिस्टम से जुड़े कोड हैं, जबकि Branch Code IFSC का ही हिस्सा है।
अपना IFSC और MICR कहां से पता करें?
अगर आपको अपने बैंक का IFSC या MICR कोड नहीं पता है तो इसे चेक लीफ, पासबुक, बैंक की वेबसाइट या मोबाइल ऐप से पता किया जा सकता है। इसके अलावा RBI की वेबसाइट पर भी बैंक ब्रांच के IFSC की जानकारी उपलब्ध होती है।
