क्रिकेट

नेपाल की कप्तानी मिलते ही संदीप लामिछाने ने ढाया कहर, 5 विकेट लेकर बहरीन को किया ध्वस्त

ACC Men's Premier Cup: बंगी में खेले गए मुकाबले में नेपाल के गेंदबाजों के सामने बहरीन की पूरी टीम 36.2 ओवर में सिर्फ 87 रन पर सिमट गई। कप्तान संदीप लामिक्षाने ने 10 में 4 ओवर मेडन निकाले और सिर्फ 14 रन खर्च करके 5 बल्लेबाजों को अपना शिकार बनाया।

Image

संदीप लामिक्षाने (फोटो साभार- Nepal Cricket/X)

ACC Men's Premier Cup: मलेशिया में चल रहे ACC मेंस प्रीमियर कप 2026 में नेपाल की टीम ने जीत के साथ आगाज किया। इस जीत की पूरी स्क्रिप्ट नए नवेले कप्तान संदीप लामिछाने ने लिखी। सोमवार को बंगी में खेले गए मुकाबले में नेपाल के गेंदबाजों के सामने बहरीन की पूरी टीम 36.2 ओवर में सिर्फ 87 रन पर सिमट गई। मैच में नेपाल के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया और बहरीन को पहले बल्लेबाजी दी। नेपाल के कप्तान का यह फैसला पहले ही ओवर से सही साबित हुआ।

नेपाल ने बहरीन को हराया

तेज गेंदबाज करण केसी ने नई गेंद से बहरीन के टॉप ऑर्डर को हिलाकर रख दिया। उन्होंने बहरीन के कप्तान आसिफ अली को सिर्फ 4 रन पर क्लीन बोल्ड कर दिया। इसके बाद बहरीन के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज फियाज अहमद को भी केसी ने ही पवेलियन भेजा। फियाज ने 15 गेंदों पर 2 चौके और 1 छक्का लगाकर 15 रन बनाए। बहरीन 42 रन पर 4 विकेट गंवाकर संघर्ष कर रहा था, तभी मैच में नेपाल के कप्तान संदीप लामिछाने की गेंद से एंट्री हुई। रोहित पौडेल को हटाकर दोबारा कप्तान बने संदीप के लिए ये कमबैक मैच था।

बहरीन पर कहर बनकर टूटे नेपाल के कप्तान

संदीप ने 13वें ओवर की पहली ही गेंद पर अहमर बिन नासिर को 2 रन पर बोल्ड करके बता दिया कि आज उनका दिन है। उसके बाद पूरे मैच में सिर्फ संदीप का ही जादू चला। लेग स्पिनर संदीप ने 10 ओवर का स्पेल फेंकते हुए 4 ओवर मेडन निकाले और सिर्फ 14 रन खर्च करके 5 बल्लेबाजों को अपना शिकार बनाया। उनकी इकॉनमी 1.40 की रही, जो वनडे क्रिकेट में किसी भी स्पिनर के लिए सपने जैसा है। दूसरे छोर से ललित राजबंशी ने उनका बखूबी साथ दिया। ललित ने 6.2 ओवर में 20 रन देकर 3 विकेट चटकाए। उन्होंने मोहम्मद वसीम को 13 रन पर बोल्ड किया, जिन्होंने 27 गेंद खेली थीं।

10 अगस्त को दोबारा कप्तान बने हैं लामिक्षाने

आखिर में अली दाऊद ने थोड़ी हिम्मत दिखाई, दीपेंद्र सिंह ऐरी पर छक्का लगाया और 10वें विकेट के लिए अब्दुल मजीद अब्बासी के साथ 20 रन जोड़े, लेकिन ललित ने दाऊद को 10 रन पर आउट करके पारी का अंत कर दिया। करण केसी ने भी 8 ओवर में 4 मेडन के साथ 2 विकेट लिए और सिर्फ 14 रन दिए। इसके बाद नेपाल ने यह स्कोर मात्र 21 ओवरों में तीन विकेट खोकर हासिल कर लिया और आसानी से मैच जीत लिया।

यौन उत्पीड़न के आरोप पर छिनी थी कप्तानी

गौरतलब है कि संदीप को 10 अगस्त को ही दोबारा नेपाल का कप्तान बनाया गया है। लमिछाने पर लगे यौन उत्पीड़न के आरोप के बाद उनसे कप्तानी छीन ली गई थी और पौडेल को टीम की कमान दी गई थी। इससे पहले वह 2022 तक 14 वनडे में कप्तानी कर चुके हैं। संदीप नेपाल के लिए सबसे तेज 150 वनडे विकेट और 100 टी20 विकेट लेने वाले पहले गेंदबाज हैं।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article