Australia vs England 150th Test Match: क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने 2027 में टेस्ट क्रिकेट के 150 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच एक विशेष टेस्ट की मेजबानी करने की घोषणा की है। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने ये ऐलान 18 अगस्त को किया है उन्होंने इसके साथ ही 2031 तक घरेलू टेस्ट के लिए अधिकतर कार्यक्रम जारी किए। कार्यक्रम को अंतिम रूप देते हुए, सीए ने क्रिकेट के सबसे सम्मानित प्रारूप का जश्न मनाने के लिए ऐतिहासिक मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में खेल के सबसे पुराने प्रतिद्वंद्वियों के बीच विशेष टेस्ट की मेजबानी का खुलासा किया।
बता दें कि पहला टेस्ट मैच 15-19 मार्च को ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच 1877 में एमसीजी में खेला गया था, जिसमें ऑस्ट्रेलिया 45 रनों से विजयी हुआ था। सीए के सीईओ निक हॉकले ने बहुप्रतीक्षित 150वीं वर्षगांठ के लिए अपनी खुशी व्यक्त करते हुए इसे शिखर प्रारूप का एक अद्भुत उत्सव बताया।
ऑस्ट्रेलिया को नहीं हो रहा इंतजार
सीए के सीईओ निक हॉकले ने क्रिकेट डॉट कॉम डॉट एयू से कहा कि -'मार्च 2027 में एमसीजी में 150वीं वर्षगांठ का टेस्ट मैच दुनिया के सबसे बेहतरीन खेल मैदानों में से एक में खेल के शिखर प्रारूप का एक शानदार जश्न होगा और हम उस अवसर पर इंग्लैंड की मेजबानी करने के लिए इंतजार नहीं कर सकते।'
दोनों देशों के बीच 100वां टेस्ट था खास
सीए ने इससे पहले 1977 में 12-17 मार्च को दोनों टीमों के बीच 100वें टेस्ट की मेजबानी की थी। यह एमसीजी में एक शानदार अवसर था क्योंकि एशेज में ऑस्ट्रेलिया या इंग्लैंड के खिलाफ खेलने वाले हर जीवित पुरुष क्रिकेटर को खेल देखने के लिए आमंत्रित किया गया था।
