स्पोर्ट्स

क्रिस्टियानो रोनाल्डो को पुर्तगाल फुटबॉल महासंघ ने किया सस्पेंड, लगाया €255 का जुर्माना

राष्ट्रीय टीम के कैंप से चले जाने के फैसले के चलते इस 41 वर्षीय फॉरवर्ड को अनुशासनात्मक कार्रवाई का सामना करना पड़ रहा है। महासंघ ने पुर्तगाल के कप्तान के खिलाफ औपचारिक प्रक्रिया शुरू करने के बाद यह निलंबन लगाया है। रोनाल्डो को अपनी गलती का एहसास होने बाद सजा की मांग की थी।

Image

क्रिस्टियानो रोनाल्डो को पुर्तगाल फुटबॉल फ्रेडरेशन ने किया सस्पेंड। फाइल फोटो

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। पुर्तगाली फुटबॉल महासंघ ने क्रिस्टियानो रोनाल्डो को 30 दिनों के लिए निलंबित कर दिया है। साथ ही उन पर €255 का जुर्माना लगाया है। गोल डॉट कॉम की रिपोर्ट के अनुसार, यह कार्रवाई हाल ही में हुए अंतरराष्ट्रीय ब्रेक के दौरान उनके पुर्तगाल टीम से बाहर चले जाने के कारण की गई है।

रिपोर्ट के मुताबिक, राष्ट्रीय टीम के कैंप से चले जाने के फैसले के चलते इस 41 वर्षीय फॉरवर्ड को अनुशासनात्मक कार्रवाई का सामना करना पड़ रहा है। महासंघ ने पुर्तगाल के कप्तान के खिलाफ औपचारिक प्रक्रिया शुरू करने के बाद यह निलंबन लगाया है।

सितंबर के आखिर में, नॉर्वे के खिलाफ राष्ट्रीय टीम की 2-1 की अंतरराष्ट्रीय जीत के दौरान, क्रिस्टियानो रोनाल्डो बेंच पर ही बैठे रहे। इसके बाद कथित तौर पर उनकी पुर्तगाल के कोच जॉर्ज जीसस के साथ बहस हो गई। रोनाल्डो का दावा है कि जीसस ने उन्हें पहले ही भरोसा दिलाया था कि वे लगभग 30 मिनट तक खेलेंगे।

हालांकि, जीसस ने पुर्तगाल के कप्तान को मैच के दौरान वार्म-अप करने के लिए कहा था, लेकिन उन्हें मैदान पर नहीं उतारा गया। बताया जाता है कि रोनाल्डो इस फैसले से काफी निराश थे, क्योंकि उन्हें लगा कि कोच ने उनकी बातों को गंभीरता से नहीं लिया। बाद में उन्होंने आरोप लगाया कि जीसस ने एक और वादा तोड़ा। उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस स्थिति के बारे में सार्वजनिक रूप से सफाई देने का वादा किया था, जो उन्होंने नहीं किया।

डेनमार्क के खिलाफ मैच से पहले, अल-नस्र के कप्तान ने पुर्तगाल का ट्रेनिंग कैंप छोड़ने का फैसला किया, जिससे तनाव और बढ़ गया। बाद में उन्होंने अपने साथियों और समर्थकों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगी और माना कि राष्ट्रीय टीम छोड़कर जाने के लिए उन्हें सजा मिलनी ही चाहिए।

अल-नस्र के इस फॉरवर्ड ने खुद के लिए उचित सजा की मांग की। उन्होंने तर्क दिया कि एक रोल मॉडल होने के नाते, उनके कार्यों का कड़ाई से मूल्यांकन किया जाना और भी जरूरी है। हालांकि, उन्होंने स्थिति को संभालने के तरीके को लेकर जीसस की आलोचना की, लेकिन पुर्तगाल के कप्तान ने कहा कि वे अपने फैसले के नतीजों को भुगतने के लिए तैयार हैं।

10 अक्टूबर को, पुर्तगाली फुटबॉल महासंघ ने घोषणा की कि उन्होंने इस स्ट्राइकर के खिलाफ औपचारिक रूप से अनुशासनात्मक प्रक्रिया शुरू कर दी है। अंतिम फैसला आने तक उन्हें निलंबन का सामना करना पड़ रहा था। अब महासंघ ने उन पर 30 दिनों का निलंबन और €255 का जुर्माना लगाया है। पुर्तगाली फॉरवर्ड की कमाई को देखते हुए, यह आर्थिक जुर्माना काफी कम है। हालांकि, निलंबन को 30 सितंबर (जिस दिन उन्होंने ट्रेनिंग कैंप छोड़ा था) से प्रभावी माने जाने के कारण, क्रिस्टियानो रोनाल्डो 14 नवंबर को वापसी के लिए पात्र होंगे, जब पुर्तगाल को अपना अगला अंतरराष्ट्रीय मैच खेलना है।

Umesh Kumar
उमेश कुमारauthor

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article