Bahraich Police Encounter: बहराइच में अपराधियों के खिलाफ अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। पुलिस टीम ने देर रात अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दो मुठभेड़ों में दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। बौंडी क्षेत्र में मुठभेड़ के दौरान घायल जाबिर का फरार साथी नसीम उर्फ ठेकेदार को पुलिस ने देर रात बंजरिया नहर के पास मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया इस दौरान आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया। उसे हिरासत में लेकर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बंजरिया नहर के पास पुलिस से मुठभेड़
पुलिस के मुताबिक, देर रात करीब दो बजे नानपारा कोतवाल गुरुसेन सिंह पुलिस टीम के साथ बंजरिया नहर के पास वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक सेंट्रो कार आती हुई दिखाई दी। पुलिस टीम ने कार को रोकने के लिए घेराबंदी की तो चालक वाहन से उतरकर पुलिस पर फायरिंग करने लगा। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान नसीम उर्फ ठेकेदार पुत्र निसार के रूप में हुई है। वह लखीमपुर खीरी जिले के ईसानगर थाना क्षेत्र के चंदौसा कला गांव का निवासी है। आरोपी बौंडी क्षेत्र में हुई पिछली मुठभेड़ के दौरान फरार हो गया था। पुलिस के मुताबिक, उसके खिलाफ दो दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। बौंडी क्षेत्र में हुई मुठभेड़ के दौरान जाबिर का साथी निसार उर्फ नसीम सेंट्रो कार से फरार हो गया था। उसकी तलाश के लिए कई टीमें लगाई गई थीं।
तमंचा, कार और जेवरात बरामद
पुलिस के अनुसार, आरोपी के कब्जे से एक तमंचा, खोखा, कारतूस, सेंट्रो कार, पीली और सफेद धातु के जेवरात और नकदी बरामद हुई है। पुलिस का कहना है कि नसीम ईसानगर थाने का हिस्ट्रीशीटर है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बहराइच सहित अन्य जिलों में चोरी की कई घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की है।
एसपी ने घटनास्थल का किया निरीक्षण
मुठभेड़ की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पुलिस टीम को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक के दस दिवसीय अंतरराष्ट्रीय चोरों के खिलाफ अभियान के तहत की गई। पुलिस के मुताबिक, जिले में अपराधियों की तलाश और गिरफ्तारी के लिए अभियान जारी है।
