Muzaffarnagar Suicide Case: मुजफ्फरनगर के मंसूरपुर थाना क्षेत्र स्थित बेगराजपुर मेडिकल कॉलेज से एक बेहद दुखद मामला सामने आया है। यहां कॉलेज के हॉस्टल के एक कमरे में MBBS फाइनल ईयर की 24 वर्षीय छात्रा ने पंखे से फंदे पर लटककर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा तोड़कर शव को बाहर निकाला। पुलिस के अनुसार, छात्रा का किसी दोस्त से विवाद होता था। कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, मृतका शगुन सैनी मूल रूप से हरियाणा के कैथल की रहने वाली थीं। वह हॉस्टल के कमरे में अपनी रूम पार्टनर जिया के साथ रहती थीं। पुलिस ने बताया कि शगुन सोमवार शाम बाहर से लौटकर कमरे में गई थीं। उस समय उसकी रूम पार्टनर वहां मौजूद नहीं थी। रात करीब साढ़े आठ बजे जिया हॉस्टल के कमरे में पहुंचीं तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। उसने दरवाजा खुलवाने की कोशिश की, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।
दरवाजा तोड़कर निकाला गया शव
दरवाजा नहीं खुलने पर जिया ने खिड़की से कमरे के अंदर झांककर देखा। वहां शगुन का शव फंदे से लटका हुआ था। इसके बाद उसने कॉलेज प्रशासन को सूचना दी। कॉलेज के कर्मचारियों और सुरक्षा कर्मियों की मौजूदगी में दरवाजा तोड़ा गया, जिसके बाद पुलिस कमरे के अंदर पहुंची। थाना प्रभारी विपिन त्यागी के अनुसार, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जरूरी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। घटनास्थल पर फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम भी पहुंची और सबूत एकत्र किए। छात्रा के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।
कमरे से सुसाइड नोट नहीं मिला
एसएसपी सूरज कुमार राय ने बताया कि छात्रा की रूम पार्टनर जिया के अनुसार, शगुन का किसी दोस्त के साथ अक्सर विवाद होता रहता था। पुलिस इस जानकारी को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। हालांकि, कमरे से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, इसलिए घटना के पीछे की वजह की अभी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने शव को मर्चरी में रखवा दिया है। अधिकारियों के मुताबिक, परिजनों के पहुंचने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
