ब्रिस्बेन: ऑस्ट्रेलिया ने ब्रिस्बेन के गाबा मैदान पर खेले जा रहे एशेज सीरीज के दूसरे टेस्ट के दूसरे दिन इंग्लैंड को पहली पारी में करारा जवाब दिया है। इंग्लैंड की टीम शुक्रवार को अपने पहले दिन के स्कोर 9 विकेट पर 325 रन में 9 रन जोड़ने के बाद 334 रन पर ढेर हो गई। इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम ने करारा जवाब देते हुए दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक 6 विकेट पर 378 रन बना लिए हैं और पहली पारी में 44 रन की बढ़त हासिल कर ली है। विकेटकीपर बल्लेबाज एलेक्स कैरी 46(45) और माइकल नेसर 15(30) रन बनाकर नाबाद है।
इंग्लैंड ने बनाए पहली पारी में 334 रन
दूसरे दिन 9 विकेट पर 325 रन के स्कोर से आगे खेलने उतरी इंग्लैंड की टीम अपने स्कोर में 9 रन और जोड़ सकी। ब्रेंडन डॉगेट ने जोफ्रा आर्चर को मार्नस लाबुशेन के हाथों कैच कराकर इंग्लैंड की पारी का अंत कर दिया। आर्चर 38(36) रन बनाकर आउट हुए। वहीं जो रूट 138(206) रन बनाकर नाबाद रहे। ऑस्ट्रेलिया के लिए सबसे ज्यादा 6 विकेट मिचेल स्टार्क ने चटकाए। वहीं एक-एक विकेट माइकल नेसर, स्कॉट बोलैंड और बैंडन डॉगेट के खाते में गया।
ट्रेविस हेड और जैक वेदराल्ड ने दिलाई ऑस्ट्रेलिया को तेज शुरुआत
इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलिया को ट्रेविस हेड और जैक वेदराल्ड की जोड़ी ने तेज शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 13 ओवर में 77 रन जोड़े। लेकिन 14वें ओवर की पहली गेंद पर हेड बाइडन कार्स की गेंद पर गस एटकिंसन के हाथों लपके गए। उन्होंने 33(43) रन बनाए। हेड के आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने आए मार्नस लाबुशेन ने एक छोर थामे खड़े वेदराल्ड का साथ दिया। दोनों ने टीम को तेजी से 100 रन के पार पहुंचा दिया। 26वें ओवर में 146 के स्कोर पर आर्टर ने इस साझेदारी को वेदराल्ड को एलबीडब्लू करके तोड़ दिया। वो 72(78) रन बना सके।
लाबुशेन और स्मिथ ने पहुंचाया 200 के करीब
वेदराल्ड के आउट होने के बाद लाबुशेन और कप्तान स्टीव स्मिथ ने मोर्चा संभाला। दोनों स्कोर को 200 के करीब ले गए। इस दौरान लाबुशेन ने अपना अर्धशतक 67 गेंद में 7 चौके और एक छक्के की मदद से पूरा कर लिया। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी भी 66 गेंद में पूरी हो गई। लेकिन लाबुशेन अपनी पारी को बड़ा नहीं कर सके और वो बेन स्टोक्स की गेंद पर जैमी स्मिथ के हाथों विकेट के पीछे लपके गए। लाबुशेन 65(78) रन बना सके।
कार्स ने दिए ऑस्ट्रेलिया को दोहरे झटके
लाबुशेन के आउट होने के बाद स्मिथ और कैमरन ग्रीन ने मोर्चा संभाला और रन गति को बनाए रखा। दोनों ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया को 300 रन के करीब ले गए। स्मिथ ने इस दौरान अपना अर्धशतक 67 गेंद में 5 चौके और एक छ्कके की मदद से पूरा किया। लेकिन इसके बाद 57वें ओवर में ब्रैडन कार्स ने कहर परपाते हुए कैमरन ग्रीन और स्टीव स्मिथ दोनों को चलता कर दिया। ग्रीन 45(57) रन बनाकर बोल्ड हो गए और स्मिथ विल जैक्स के हाथों शानदार ढंग से लपके गए। स्मिथ ने 61(85) रन की पारी खेली।
एलेक्स कैरी ने दिलाई पहली पारी में बढ़त
दोहरे झटकों के साथ अचानक ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 5 विकेट पर 292 रन हो गया। ऐसे में एलेक्स कैरी और जोस इंग्लिस ने मोर्चा संभाला। दोनों ने विकेटों की पतझड़ पर रोक लगाई और टीम को 300 के पार ले गए। लेकिन 329 के स्कोर पर पैर जमा चुक इंग्लिस को स्टोक्स ने बोल्ड कर दिया। उन्होंने 23(25) रन बनाए। इसके बाद एलेक्स कैरी और माइकल नेसर ऑस्ट्रेलिया को पहली पारी में बढ़त दिलाने में सफल रहे। दोनों ने और कोई विकेट दिन का खेल खत्म होने तक नहीं गिरने दिया। कैरी 46(45) और नेसेर 15(30) रन बनाकर खेल रहे हैं।दोनों के बीच सातवें विकेट के लिए 49* (55) रन की साझेदारी हो गई है। ऑस्ट्रेलिया ने 44 रन की बढ़त पहली पारी में हासिल कर ली है। इंग्लैंड के लिए दूसरे दिन सबसे सफल गेंदबाज ब्रैडन कार्स रहे उन्होंने 3 विकेट अपने नाम किए। इसके अलावा कप्तान बेन स्टोक्स ने 2 विकेट अपने नाम किए। एक सफलता जोफ्रा आर्चर को मिली।
