स्पोर्ट्स

Kabaddi Gold Medal: भारतीय महिला कबड्डी टीम का दबदबा, चौथी बार जीता गोल्ड; फाइनल में ईरान को दी मात

भारतीय महिला कबड्डी टीम ने एशियन गेम्स में चौथी बार गोल्ड मेडल जीता। फाइनल मुकाबले में भारत ने ईरान को हराकर गोल्ड मेडल जीता। यह भारत का एशियन गेम्स 2026 में तीसरा गोल्ड मेडल है।

Image

भारतीय महिला कबड्डी टीम ने जीता गोल्ड मेडल।

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। एशियन गेम्स में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने अपना दबदबा कायम रखते हुए ईरान को मात देकर गोल्ड मेडल जीता। भारत ने ईरान को 37-34 के अंतर से मात दी। भारत ने इस मैच में पहले हाफ में ही 22-16 की बढ़त हासिल कर ली थी। इसके बाद ईरान की टीम ने दूसरे हाफ में वापसी की भरपूर कोशिश की। एक समय स्कोर 27-26 तक पहुंच गया था, लेकिन भारत की बेटियों ने दमदार खेल दिखाते हुए ईरान को पटखनी दी। एशियन गेम्स 2026 में यह भारत का तीसरा गोल्ड है।

फाइनल मैच में संजू देवी ने कमाल का प्रदर्शन किया। उन्होंने शानदार रेड कर भारत को जीत दिलाई। भारत को शुरुआत से ही गोल्ड मेडल जीतने का दावेदार माना जा रहा था। टीम इंडिया ने अब तक अजेय रहते हुए सभी मैच जीते थे। भारत ने एशियन गेम्स के महिला कबड्डी इवेंट में अपना चौथा गोल्ड मेडल जीता। भारतीय महिला टीम पांच बार फाइनल में पहुंची है और चार बार मेडल जीता है। वहीं, तीन बार फाइनल में ईरान से भिड़ंत हुई है, जिसमें दो बार भारत ने बाजी मारी। इससे पहले महिला कबड्डी टीम ने 2010, 2014 और 2022 में स्वर्ण पदक अपने नाम किया था।

एशियन गेम्स में भारतीय टीम का सफर

एशियन गेम्स 2026 में भारतीय टीम बिना कोई भी मैच हारे चैंपियन बनी। टीम इंडिया ने अपने तीनों ग्रुप मुकाबले जीते फिर सेमीफाइनल और फाइनल में शानदार जीत हासिल कर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। भारत ने अपने अभियान की शुरुआत बांग्लादेश पर 42-21 की जीत के साथ की। इसके बाद ईरान को 37-23 से हराया। जापान पर 50-25 से शानदार जीत हासिल की और ग्रुप-ए में टॉप पर रहते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाई। सेमीफाइनल में भारत ने नेपाल को 48-24 के अंतर से हराकर फाइनल में जगह बना ली। इसके बाद फाइनल में ईरान को 37-34 के अंतर से हराया।

भारत ने महिला कबड्डी में चौथी बार जीता मेडल

2010 में एशियाई खेलों में महिला कबड्डी इंवेंट की शुरुआत के बाद से भारत ने अब तक खेले गए पांचों फाइनल में जगह बनाई है और सभी में मेडल जीतने में सफल रहा है। भारत महिला कबड्डी टीम ने 2010 में गुआंगझोऊ में थाइलैंड को 28-14 से हराकर खिताब जीता था। 2014 में इंचियोन (दक्षिण कोरिया) में टीम ने ईरान को 31-21 से हराकर गोल्ड मेडल जीता था। जकार्ता 2018 में ईरान ने बाजी मारी थी और भारत को 27-24 से हार मिली थी। भारत को रजत पदक से संतोष करना पड़ा। 2022 में तय हांगझोऊ एशियन गेम्स का आयोजन 2023 में हुआ था। जिसमें भारतीय महिला टीम ने चीनी ताइपे को 26-25 से हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया था। एशियन गेम्स 2026 में भारत ने ईरान को 37-34 से हराकर गोल्ड मेडल जीता।

    Umesh Kumar
    उमेश कुमारauthor

    उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

    और पढ़ें
    End of Article