देश

Kishanganj News: दोस्त से मिलने रेलवे स्टेशन पहुंची थी युवती, लड़कों ने घेरा और की मारपीट, एक आरोपी गिरफ्तार, 4 की तलाश जारी

किशनगंज के दिघलबैंक थाना क्षेत्र में युवती से मारपीट और कथित अभद्र व्यवहार के वायरल वीडियो मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने नामजद आरोपी शहजाद को गिरफ्तार किया है, जबकि चार अन्य आरोपियों की तलाश में एसआईटी छापेमारी कर रही है। तकनीकी जांच के आधार पर पांच युवकों की पहचान की गई है।

Image

किशनगंज में युवती को घेरकर मारपीट का वायरल वीडियो, एक आरोपी गिरफ्तार।

KEY HIGHLIGHTS
किशनगंज के दिघलबैंक में हुई घटना की जांच के लिए SIT गठित

चार आरोपियों के राज्य से बाहर होने की सूचना

गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी

किशनगंज के दिघलबैंक थाना क्षेत्र के तुलसिया हाट रेलवे स्टेशन के पास युवती को घेरकर मारपीट, डांटने और कथित तौर पर अभद्र व्यवहार करने से संबंधित वायरल वीडियो के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। मामले में नामजद आरोपित शहजाद (21), पिता शब्बीर, निवासी जागीर दहीभात, थाना दिघलबैंक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, घटना में शामिल अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए विशेष जांच दल (SIT) लगातार छापेमारी कर रही है।

पुलिस के अनुसार 24/25 सितंबर की देर रात करीब 12:30 बजे पुलिस अधीक्षक किशनगंज के व्हाट्सऐप पर करीब चार-पांच महीने पुराना एक वीडियो प्राप्त हुआ। वीडियो में एक युवती को चार-पांच लड़कों द्वारा घेरकर कथित रूप से हल्ला-गुल्ला, डांटने और मारपीट करते हुए देखा गया। वीडियो की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने तत्काल संज्ञान लिया और तकनीकी टीम से इसकी जांच कराई।

जांच में वीडियो का संबंध दिघलबैंक थाना क्षेत्र के तुलसिया हाट रेलवे स्टेशन से सामने आया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने रात में ही पुलिस टीम के साथ घटनास्थल का भौतिक निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

पांच आरोपितों की हुई पहचान

तकनीकी साक्ष्य एवं वीडियो के आधार पर पुलिस ने घटना में शामिल पांच युवकों की पहचान की है। इनमें अफसर उर्फ हत्ती, पिता तजम्मुल, निवासी मुर्तफागंज; जुबेर खान, पिता मोहम्मद बसीर, निवासी श्रीपुर; मिजान उर्फ सलमान, पिता जहांगीर दहीभात; कामिल, पिता अशाउद्दीन, निवासी मुहम्मद टोली तथा शहजाद, पिता शबीर, निवासी जागीरवरती दहीभात शामिल हैं।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि इनमें अफसर उर्फ हत्ती के गुजरात, जुबेर खान के हरियाणा, मिजान उर्फ सलमान के कर्नाटक और कामिल के पंजाब में रहने की जानकारी मिली है। पुलिस अन्य आरोपितों के संबंध में भी सत्यापन कर रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संबंधित स्थानों पर छापेमारी की जा रही है।

दोस्त से मिलने रेलवे स्टेशन पहुंची थी युवती

पुलिस के मुताबिक पूछताछ में पीड़िता ने बताया कि वह अपनी एक दोस्त से मिलने रेलवे स्टेशन गई थी। इसी दौरान आसपास के गांव के कुछ लड़कों ने उसे देख लिया और कथित तौर पर उसे घेरकर पूछताछ एवं अभद्र व्यवहार किया। पीड़िता द्वारा बताए गए घटनाक्रम और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू की है।

पुलिस ने बताया कि पूर्व में स्थानीय स्तर पर मुखिया की मौजूदगी में ग्रामस्तरीय पंचायत आयोजित कर विवाद को सुलझाने का प्रयास भी किया गया था। हालांकि अब वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विधिसम्मत कार्रवाई शुरू कर दी है।

एसआईटी कर रही लगातार छापेमारी

मामले में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-02, किशनगंज के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान दल (SIT) गठित किया गया है। SIT द्वारा तकनीकी एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी की कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार शहजाद से पुलिस घटना के संबंध में पूछताछ कर रही है।

किशनगंज पुलिस ने लोगों से अपील की है कि घटना से संबंधित किसी भी प्रकार की अपुष्ट या भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया पर ऐसे वीडियो या अफवाहों को प्रसारित करने से बचें। पुलिस ने कहा है कि मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर सभी आरोपितों के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article