बिजनेस

DA Hike Update: जुलाई की DA-DR किस्त जल्द ऐलान करने की मांग, 64% तक बढ़ने का अनुमान, कब मिलेगी खुशखबरी?

DA Hike Update: केंद्रीय कर्मचारी संगठन ने जुलाई 2026 की DA-DR किस्त जल्द जारी करने की मांग की है। AICPI आंकड़ों के आधार पर DA 60 से बढ़कर 64 फीसदी होने का अनुमान है।

Image

DA Hike Update: 60 से 64% हो सकता है DA, जुलाई की किस्त पर जल्द फैसला संभव

Photo : iStock

DA Hike Update : केंद्रीय सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए महंगाई भत्ते (DA) और महंगाई राहत (DR) को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। केंद्रीय सरकारी कर्मचारियों के संगठन Confederation of Central Government Employees and Workers ने केंद्र सरकार से जुलाई 2026 से लागू होने वाली DA और DR की अगली किस्त का ऐलान जल्द करने की मांग की है। संगठन ने वित्त मंत्रालय के व्यय विभाग से इस प्रक्रिया में तेजी लाने की अपील की है।

1 जुलाई 2026 से मिलना है नया DA

कर्मचारियों के संगठन ने 24 सितंबर 2026 को एक पत्र जारी कर कहा है कि जुलाई 2026 से लागू होने वाले महंगाई भत्ते और महंगाई राहत की संशोधित दर की प्रक्रिया जल्द पूरी की जानी चाहिए। संगठन का कहना है कि जरूरी Consumer Price Index यानी CPI के आंकड़े और निर्धारित फॉर्मूला उपलब्ध होने के बाद DA और DR की गणना और घोषणा में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। संगठन ने स्पष्ट किया कि कर्मचारियों की मांग किसी अतिरिक्त या एडवांस भुगतान की नहीं है। मांग केवल इतनी है कि सरकार औपचारिक प्रक्रिया और घोषणा जल्द पूरी करे, ताकि कर्मचारियों को मिलने वाला लाभ उसकी प्रभावी तारीख यानी 1 जुलाई 2026 से लागू हो सके। अगर घोषणा में देरी होती है तो कर्मचारियों को बाद में एरियर के रूप में बकाया राशि दी जा सकती है।

64 फीसदी तक पहुंच सकता है DA

जुलाई 2026 की DA किस्त को लेकर कर्मचारियों के बीच सबसे ज्यादा चर्चा संभावित बढ़ोतरी को लेकर है। उपलब्ध Consumer Price Index for Industrial Workers (AICPI-IW) के आंकड़ों के आधार पर अनुमान लगाया जा रहा है कि जुलाई 2026 के लिए केंद्रीय सरकारी कर्मचारियों का DA 60 फीसदी से बढ़कर करीब 64 फीसदी हो सकता है। हालांकि, 64 फीसदी DA का आंकड़ा अभी अनुमानित है। अंतिम DA दर सरकार द्वारा निर्धारित फॉर्मूले और संबंधित CPI आंकड़ों के आधार पर तय की जाएगी। इसलिए कर्मचारियों को आधिकारिक घोषणा का इंतजार करना होगा।

जनवरी 2026 में 2 फीसदी बढ़ा था DA

केंद्र सरकार ने जनवरी 2026 के DA चक्र के लिए महंगाई भत्ते में 2 फीसदी की बढ़ोतरी की थी। इसके बाद केंद्रीय सरकारी कर्मचारियों का DA 58 फीसदी से बढ़कर 60 फीसदी हो गया था। सरकार ने इस बढ़ोतरी की आधिकारिक घोषणा 18 अप्रैल 2026 को की थी। DA और DR में बदलाव साल में दो बार किया जाता है। आमतौर पर पहला संशोधन जनवरी से और दूसरा जुलाई से प्रभावी होता है। DA का लाभ मौजूदा कर्मचारियों को मिलता है, जबकि पेंशनर्स के लिए इसी तरह की बढ़ोतरी को Dearness Relief यानी DR कहा जाता है।

महंगाई बढ़ने से कर्मचारियों पर बढ़ा खर्च का दबाव

कर्मचारी संगठनों का कहना है कि पिछले कुछ समय में परिवारों के खर्च और वित्तीय जिम्मेदारियां बढ़ी हैं। बच्चों की पढ़ाई, घर का खर्च, यात्रा, रोजमर्रा की जरूरतें और दूसरी पारिवारिक जिम्मेदारियों के कारण कर्मचारियों पर अतिरिक्त आर्थिक दबाव है। संगठन ने यह भी कहा कि आने वाले त्योहारी सीजन में खर्च बढ़ने की संभावना है। ऐसे में जुलाई से लंबित DA की संशोधित किस्त का जल्द ऐलान कर्मचारियों के लिए महत्वपूर्ण है। अगर सरकार जल्द फैसला करती है तो कर्मचारियों को बढ़ी हुई राशि और संबंधित एरियर का भुगतान मिल सकेगा।

दशहरा पर बोनस को लेकर भी मांग

DA के साथ-साथ केंद्रीय सरकारी कर्मचारियों के लिए बोनस को लेकर भी मांग उठ रही है। हाल ही में स्टाफ साइड NC-JCM ने केंद्र सरकार से आगामी दशहरा त्योहार के दौरान केंद्रीय कर्मचारियों को संशोधित बोनस जारी करने की अपील की थी। कर्मचारियों के लिए बोनस की राशि 21,000 रुपये तक होने की बात कही गई है। कर्मचारी संगठनों का कहना है कि त्योहारों के समय कर्मचारियों पर खर्च का दबाव बढ़ जाता है। ऐसे में DA और बोनस जैसे भुगतान समय पर मिलने से कर्मचारियों को आर्थिक राहत मिल सकती है।

सितंबर के अंत तक घोषणा की उम्मीद

All India NPS Employees Federation के अध्यक्ष Manjeet Singh Patel ने भी जुलाई से लंबित DA पर जल्द फैसला लेने की मांग की है। उनके मुताबिक केंद्र सरकार आमतौर पर जुलाई की DA बढ़ोतरी की घोषणा सितंबर के अंत तक करती है। इसके बाद संशोधित DA अक्टूबर की सैलरी में शामिल किया जा सकता है और जुलाई से लागू होने के कारण बकाया राशि यानी एरियर भी दिया जा सकता है।

उन्होंने यह भी कहा कि सरकार पहले भी स्थानीय परिस्थितियों और जरूरतों के आधार पर वेतन और महंगाई भत्ते के भुगतान के समय में बदलाव करती रही है। उदाहरण के तौर पर केरल में ओणम के दौरान कर्मचारियों को समय से पहले वेतन जारी करने की परंपरा का उल्लेख किया गया। इसी तरह 26 से 28 सितंबर के बीच बैंक हड़ताल के कारण कर्मचारियों और पेंशनर्स को 25 सितंबर को ही वेतन और पेंशन का भुगतान किया गया।

अब कर्मचारियों की नजर जुलाई 2026 के DA और DR की आधिकारिक घोषणा पर है। अगर अनुमान के मुताबिक DA में बढ़ोतरी होती है, तो केंद्रीय सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स की मासिक आय में वृद्धि होगी। हालांकि, अंतिम दर और भुगतान की तारीख का फैसला केंद्र सरकार की आधिकारिक घोषणा के बाद ही स्पष्ट होगा।

Ramanuj Singh
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article