क्रिकेट

नाथन एलिस की साहसिक पारी से आखिरी ओवर के रोमांच में जीता ऑस्ट्रेलिया

ऑस्ट्रेलिया ने रोमांचक मुकाबले में जिम्बाब्वे को हरा दिया। आखिरी ओवर तक चले इस मुकाबले को ऑस्ट्रेलिया ने नाथन एलिस की नाबाद 36 रन की पारी के दम पर एक गेंद शेष रहते हासिल कर लिया।

Image

ऑस्ट्रेलिया बनाम जिम्बाब्वे (साभार-x)

ऑस्ट्रेलिया ने रोमांचक मुकाबले में जिम्बाब्वे को एक विकेट से हराकर 3 मैच की वनडे सीरीज 3-0 से अपने नाम कर ली। एक वक्त जिम्बाब्वे इस मुकाबले को जीतने के कगार पर खड़ा था, लेकिन नाथन एलिस ने नाबाद 36 रन की पारी खेलकर जिम्बाब्वे के जबड़े से जीत छीन लिया। एलिस और जॉनसन ने आखिरी विकेट के लिए नाबाद 28(28) रन की साझेदारी की और ऑस्ट्रेलिया को उलटफेर से बचा लिया। ऑस्ट्रेलिया ने अपना 9वां विकेट 245 रन के स्कोर पर गंवा दिया था। लेकिन जिम्बाब्वे के गेंदबाज इसका फायदा नहीं उठा पाए। आखिरी ओवर में ऑस्ट्रेलिया को 6 गेंद में 9 रन की दरकार थी और इसे डिफेंड करने की जिम्मेदारी सिकंदर रजा ने वेस्ली माधेवेरे को सौंपी, लेकिन वह इसमें सफल नहीं रहे।

जोश इंग्लिस ने रखी नींव

इस जीत की नींव ऑस्ट्रेलिया के विकेटकीपर जोश इंग्लिस ने रखी जिन्होंने 102 गेंद में 103 रन की पारी खेली और ऑस्ट्रेलिया की डूबती नैया को पार लगा दिया। इंग्लिस ने दो अर्धशतकीय साझेदारी की। उन्होंने पहले कूपर कॉनली के साथ 52(58) रन की साझेदारी की। इसके बाद इंग्लिस ने एलेक्स कैरी के साथ 85(78) रन की साझेदारी की। इंग्लिस 8वें विकेट के रुप में आउट हुए। यह वनडे क्रिकेट में इंग्लिस का दूसरा शतक था। पहला शतक भी चेज करते हुए आया था। इंग्लिस के अलावा एलेक्स कैरी ने 34 रन की पारी खेली। जिम्बाब्वे की ओर से ब्रैड इवांस ने सर्वाधिक 4 विकेट चटकाए। ग्रीम क्रीमर और सिकंदर रजा ने 2-2 विकेट चटकाए।

इससे पहले जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। जिम्बाब्वे ने सिकंदर रजा की कप्तानी पारी के दम पर 8 विकेट के नुकसान पर 271 रन बनाए। सिकंदर रजा ने 72 गेंद में 81 रन की पारी खेली। सिकंदर रजा के अलावा क्रेग इरविन ने 59 और इनोसेंट काइया ने 55 रन की पारी खेली। सिकंदर रजा ने इरविन के साथ 61(71) रन की साझेदारी की। ऑस्ट्रेलिया की ओर से नाथन एलिस ने सर्वाधिक 3 जबकि स्पेंसर जॉनसन और एडम जैंपा ने 2-2 विकेट चटकाए।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article