शहर

मुंबई के लालबाग में गणेश उत्सव के बीच बड़ा हादसा, पंडाल के पास स्टॉल में उतरा करंट; 8 साल की बच्ची और महिला की मौत

Mumbai News: मुंबई के लालबाग इलाके में गणेश पंडाल के पास रविवार तड़के करंट लगने से 8 साल की बच्ची समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। बताया जा रहा है कि पंडाल के प्रवेश द्वार के पास अस्थायी पानी और कोल्ड ड्रिंक स्टॉल में शॉर्ट सर्किट के बाद बिजली का करंट फैल गया था।

Image

गणपति दर्शन के बीच पसरा मातम (प्रतीकात्मक फोटो)

Photo : iStock

Mumbai News: मुंबई के लालबाग इलाके में गणेश उत्सव के दौरान रविवार तड़के बड़ा हादसा हो गया। गणेश पंडाल के प्रवेश द्वार के पास बनाए गए अस्थायी पानी और कोल्ड ड्रिंक स्टॉल में बिजली का करंट उतरने से 8 साल की बच्ची और 33 वर्षीय महिला की मौत हो गई। हादसे में चार अन्य लोग भी झुलस गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के मुताबिक, घटना रविवार रात करीब 2:20 बजे कालाचौकी के दत्ताराम लाड मार्ग स्थित दिग्विजय मिल चॉल में महागणपति उत्सव मंडल के प्रवेश द्वार के पास हुई। उस समय गणेश उत्सव के चलते इलाके में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ मौजूद थी। शुरुआती जानकारी में हादसे की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, पंडाल के पास लगाए गए अस्थायी पेयजल और कोल्ड ड्रिंक स्टॉल में बिजली का करंट फैल गया था।

6 लोगों में से 2 की मौत

हादसे की सूचना मिलते ही दमकल कर्मियों ने मौके पर बिजली आपूर्ति बंद कर दी और एहतियात के तौर पर घटनास्थल को घेर दिया। करंट की चपेट में आए छह लोगों को तत्काल आसपास के अस्पतालों में पहुंचाया गया। इनमें 8 वर्षीय राघिनी घनश्याम यादव को बायकुला स्थित मसीना अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, किरण अकबर नाइक (19), तन्वी नरेश हांडे (19) और साहिल संदीप तारे (19) का इलाज चल रहा है और उनकी हालत स्थिर बताई गई है। दो अन्य घायलों को परेल स्थित ग्लोबल अस्पताल ले जाया गया। यहां 33 वर्षीय सुजाता को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं, 12 वर्षीय रुही सिंह की हालत गंभीर बताई गई है और उसे आईसीयू में भर्ती कराया गया है।

BEST के अधिकारियों ने भी मौके का निरीक्षण किया

घटना के बाद बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिक सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट (BEST) के अधिकारियों ने भी मौके का निरीक्षण किया। जांच में सामने आया कि गणेश उत्सव के दौरान रोशनी और कोल्ड ड्रिंक स्टॉल के लिए एक अस्थायी बिजली मीटर लगाया गया था। अधिकारियों के अनुसार, स्थानीय इलेक्ट्रीशियन ने इसकी वायरिंग और एमसीबी को डिस्कनेक्ट कर दिया था। BEST ने रविवार शाम जारी बयान में बताया कि कालाचौकी विभाग सार्वजनिक उत्सव मंडल के नाम पर लगाए गए अस्थायी मीटर नंबर M-217392 की बिजली आपूर्ति काट दी गई है। इसके साथ ही कथित तौर पर खराब विद्युत व्यवस्था को लेकर मंडल को 38B नोटिस भी जारी किया गया है। स्थानीय वायरमैन ने पहले ही डिस्ट्रीब्यूशन बॉक्स की सप्लाई बंद कर दी थी।

पूरे मामले की जांच जारी

BEST और पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। सहायक पुलिस आयुक्त समेत पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची। कालाचौकी पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है, ताकि शॉर्ट सर्किट और करंट फैलने की वास्तविक वजह का पता लगाया जा सके। हादसे के बाद महाराष्ट्र के सांस्कृतिक मामलों के मंत्री आशीष शेलार ने गणपति मंडलों से श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील की। उन्होंने कहा कि गणेशोत्सव आस्था, उत्साह और सामाजिक सद्भाव का पर्व है, लेकिन उत्सव के दौरान नागरिकों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सबसे महत्वपूर्ण होनी चाहिए। उन्होंने सभी गणपति मंडलों से स्थानीय सुरक्षा नियमों और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने तथा भीड़ प्रबंधन को लेकर सतर्क रहने को कहा।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article