शहर

Rohtak Dog Attack: घर से बाहर निकली महिला पर आवारा कुत्ते का खौफनाक हमला, पैर को कई जगह काटा, लोगों ने किसी तरह बचाया

Rohtak Dog Attack: रोहतक की ओल्ड हाउसिंग कॉलोनी में स्ट्रीट डॉग के हमले से हड़कंप मच गया। घर से बाहर निकली महिला पर आवारा कुत्ते ने अचानक हमला कर दिया और उसके पैर को कई जगह काटकर घायल कर दिया। महिला ने खुद को बचाने की कोशिश की, लेकिन कुत्ता लगातार हमला करता रहा, जिसके बाद आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह उसे कुत्ते के चंगुल से छुड़ाया।

Image

रोहतक की कॉलोनी में स्ट्रीट डॉग का आतंक

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Rohtak Dog Attack: हरियाणा के रोहतक की ओल्ड हाउसिंग कॉलोनी में स्ट्रीट डॉग का आतंक देखने को मिला है। यहां एक आवारा कुत्ते ने घर से किसी काम के लिए बाहर निकली महिला पर अचानक हमला कर दिया। कुत्ते ने महिला के पैर को कई जगह से काट लिया। महिला ने खुद को बचाने की काफी कोशिश की, लेकिन कुत्ता उसे लगातार काटता रहा। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह कुत्ते को भगाकर महिला को उसके चंगुल से छुड़ाया।

आधा दर्जन लोगों को अपना शिकार बना चुका कुत्ता

घटना कल शाम की बताई जा रही है। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें महिला के पैर पर कुत्ते के काटने से लगी चोटें दिखाई दे रही हैं। बताया जा रहा है कि स्ट्रीट डॉग ने इससे पहले भी करीब आधा दर्जन लोगों को अपना शिकार बनाया है। लगातार हो रहे हमलों के बाद कॉलोनी के लोगों में डर का माहौल है।स्थानीय लोगों का कहना है कि आवारा कुत्तों की समस्या लगातार बढ़ रही है, लेकिन इन पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे आक्रामक कुत्तों को पकड़कर उचित कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी और व्यक्ति को इसका शिकार न होना पड़े।

फरीदाबाद में 16 वर्षीय बच्चे पर पिटबुल के हमले का मामला

वहीं एक दूसरे मामले में फरीदाबाद की राहुल कॉलोनी में एक 16 वर्षीय बच्चे पर पिटबुल कुत्ते के हमले का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि बच्चा गली में साइकिल चला रहा था, तभी एक युवक के पालतू पिटबुल ने उस पर अचानक हमला कर दिया। हमले में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद घायल बच्चे को उसके पिता इलाज के लिए फरीदाबाद के सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे। पिता के मुताबिक, कुत्ते ने उनके बेटे को करीब 16 जगह काटा, जिससे उसके शरीर पर कई गंभीर चोटें आई हैं।

अस्पताल में बच्चे का उपचार कराया जा रहा है। बच्चे के पिता का आरोप है कि जिस समय पिटबुल ने उनके बेटे पर हमला किया, उस दौरान कुत्ते का मालिक भी मौके पर मौजूद था, लेकिन उसने बच्चे को बचाने के लिए कोई प्रभावी प्रयास नहीं किया। पिता का कहना है कि कुत्ते के मालिक की लापरवाही के कारण यह घटना हुई। परिजनों के मुताबिक, घटना के बाद भी कुत्ते के मालिक के रवैये में कथित तौर पर कोई पछतावा नजर नहीं आया। इस घटना के बाद इलाके में पालतू कुत्तों की सुरक्षा और उनके नियंत्रण को लेकर सवाल उठ रहे हैं। परिजन मामले में कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Manoj Kumar
मनोज कुमार author

मनोज कुमार को टीवी पत्रकारिता में काम करने का 20 साल का अनुभव है. वर्तमान में वह Times Now नवभारत में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में काम कर रहे हैं. 2022 से चंडीगढ़ ब्यूरो हेड के तौर पर चंडीगढ़, हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश को कवर कर रहे हैं. उन्होंने पंजाब बाढ़ त्रासदी, ऑपरेशन सिंदूर जैसी बड़ी घटनाओं को ग्राउंड जीरो से कवर किया है. हिमाचल प्रदेश में संजौली मस्जिद कवरेज के लिए उन्हें ENBA अवॉर्ड मिल चुका है.

और पढ़ें
End of Article