क्रिकेट

3 अक्टूबर से शुरू हो रहा WCL का सीजन 3, युवराज सिंह-गेल और डिविलियर्स दिखाएंगे दम

World Championship of Legends Season 3: वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स का सीजन 3 और भी बड़ा होने जा रहा है। इंडिया चैंपियंस की कप्तानी एक बार फिर सिक्सर किंग युवराज सिंह करेंगे। वेस्टइंडीज चैंपियंस में यूनिवर्स बॉस क्रिस गेल के साथ ड्वेन ब्रावो और आंद्रे रसेल की विस्फोटक तिकड़ी वापसी दिखेगी।

Image

WCL सीजन 3 (फोटो साभार- AI)

World Championship of Legends Season 3: क्रिकेट लीजेंड्स की सबसे बड़ी जंग वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स (WCL) का तीसरा सीजन 3 अक्टूबर से शुरू हो रहा है। इस बार टूर्नामेंट का मंच दुबई और शारजाह होगा, जहां एक बार फिर पुराने दिग्गज अपनी नेशनल जर्सी पहनकर मैदान में उतरेंगे और पुरानी राइवलरी को ताजा करेंगे।WCL ने सिर्फ दो सीजन में ही खुद को IPL के बाद दुनिया की दूसरी सबसे ज्यादा देखी जाने वाली क्रिकेट लीग बना लिया है। दूसरे सीजन को दुनियाभर में करीब 49.5 करोड़ दर्शकों ने देखा था। इसकी सबसे बड़ी वजह इसका फॉर्मेट है।

भारत ने जीता था पहला सीजन

यहां बाकी लीजेंड्स लीग की तरह सिर्फ रिटायर खिलाड़ी नहीं, बल्कि कई ऐसे खिलाड़ी खेलते हैं जो अभी भी दुनिया की टॉप T20 लीग्स में एक्टिव हैं। इसलिए मुकाबलों में नॉस्टेल्जिया के साथ-साथ वर्ल्ड क्लास क्रिकेट भी देखने को मिलता है। पहले सीजन में इंडिया चैंपियंस ने पाकिस्तान को हराकर खिताब जीता था और फाइनल में इंडिया-पाकिस्तान की टक्कर ने TRP के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए थे। दूसरे सीजन में साउथ अफ्रीका चैंपियंस ने बाजी मारी थी, जिसमें एबी डिविलियर्स ने सुपरमैन बनकर कई सनसनीखेज पारियां खेली थीं।

भारत की कप्तानी करेंगे युवराज सिंह

अब वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स का सीजन 3 और भी बड़ा होने जा रहा है। आयोजकों ने स्टार लाइन-अप का ऐलान शुरू कर दिया है। इंडिया चैंपियंस की कप्तानी एक बार फिर सिक्सर किंग युवराज सिंह करेंगे। उनके साथ हरभजन सिंह, इरफान पठान, रॉबिन उथप्पा और यूसुफ पठान जैसे भारत के चहेते सितारे होंगे। टीम में अभी और बड़े नाम जुड़ने बाकी हैं।

10 अक्टूबर को होगा भारत-पाक मुकाबला

वेस्टइंडीज चैंपियंस इस बार सबसे खतरनाक दिख रही है। यूनिवर्स बॉस क्रिस गेल के साथ ड्वेन ब्रावो और आंद्रे रसेल की विस्फोटक तिकड़ी वापसी कर रही है। साउथ अफ्रीका चैंपियंस में एबी डिविलियर्स और फाफ डु प्लेसिस के साथ इमरान ताहिर होंगे। ऑस्ट्रेलिया से डेविड वॉर्नर, क्रिस लिन, उस्मान ख्वाजा और डी'आर्सी शॉर्ट खेलेंगे। इंग्लैंड की तरफ से डेविड मलान, जेसन रॉय और मोईन अली मैदान में होंगे, जबकि पाकिस्तान से शाहिद अफरीदी, शोएब मलिक और मोहम्मद हफीज जैसे दिग्गज उतरेंगे। टूर्नामेंट का सबसे बड़ा मुकाबला 10 अक्टूबर को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में होगा, जहां इंडिया चैंपियंस और पाकिस्तान चैंपियंस आमने-सामने होंगे।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article