क्रिकेट

IND A vs AUS A: ध्रुव जुरेल फिर चमके, ऑस्ट्रेलिया ए ने इंडिया ए को लगातार दूसरे मैच में दी पटखनी

इंडिया ए को ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ सीरीज के दूसरे अनाधिकारिक टेस्ट मैच में हार का सामना करना पड़ा है। लेकिन भारत के दो खिलाड़ियों ने हार के बावजूद पर्थ टेस्ट के लिए अपना दावा पेश कर दिया है।

Image

ध्रुव जुरेल (साभार Cricket Australia)

KEY HIGHLIGHTS
  • इंडिया ए को मिली दूसरे अनाधिकारिक टेस्ट में 6 विकेट से हार
  • चौथी पारी में जीत के लिए ऑस्ट्रेलिया को मिला था 168 का लक्ष्य
  • 48 रन पर 3 विकेट गंवाने के बाद कोंटास ने दिलाई ऑस्ट्रेलिया ए को जीत

मेलबर्न: विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरेल ने लगातार दूसरा अर्धशतक जमा कर भारतीय टेस्ट टीम की अंतिम एकादश में जगह बनाने का मजबूत दावा पेश किया लेकिन उनके इस शानदार प्रयास के बावजूद भारत ए को शनिवार को दूसरे और अंतिम अनौपचारिक टेस्ट मैच के तीसरे दिन ही ऑस्ट्रेलिया ए से छह विकेट से हार का सामना करना पड़ा। इस तरह से भारत ए दो मैचों की श्रृंखला 0-2 से हार गया। उसकी टीम इससे पहले मैकाय में पहला अनौपचारिक टेस्ट सात विकेट से हार गई थी।

जुरेल ने जड़ा लगातार दूसरी पारी में अर्धशतक

भारतीय टीम ने सुबह पांच विकेट पर 73 रन से अपनी पारी आगे बढ़ाई। पहली पारी में 80 रन बनाने वाले जुरेल ने दूसरी पारी में 122 गेंद पर 68 रन की धैर्यपूर्ण पारी खेली जिसमें पांच चौके शामिल हैं। जुरेल ने आउट होने से पहले नीतीश कुमार रेड्डी (38) के साथ 94 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी निभाई। प्रसिद्ध कृष्णा (29) और तनुश कोटियन (44) ने भी अच्छी पारियां खेलकर भारत को दूसरी पारी में 229 रन तक पहुंचाया और मेजबान टीम के सामने 168 रन का लक्ष्य रखा। भारत ए की दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलिया ए के लिए ऑफ स्पिनर कोरी रोचिसिओली ने 74 रन देकर चार विकेट लिए। उन्हें ऑलराउंडर ब्यू वेबस्टर (49 रन देकर तीन विकेट) और दाएं हाथ के तेज गेंदबाज नाथन मैकएंड्रू (53 रन देकर दो विकेट) का भी अच्छा साथ मिला।

ऑस्ट्रेलिया ए की खराब रही दूसरी पारी में शुरुआत

ऑस्ट्रेलिया ए के सामने बड़ा लक्ष्य नहीं था लेकिन उसकी शुरुआत अच्छी नहीं रही। तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा (37 रन देकर दो विकेट) ने पारी के पहले ओवर में ही मार्कस हैरिस और कैमरन बैनक्रॉफ्ट को लगातार गेंदों पर आउट करके भारत की उम्मीद जगाई। उन्होंने इस मैच में छह विकेट लेकर बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी के लिए भारतीय अंतिम एकादश में जगह बनाने का दावा भी ठोका।

48 रन पर ऑस्ट्रेलिया ए ने गंवा दिए थे 3 विकेट, कोंटास ने दिलाई जीत

इसके बाद मुकेश कुमार ने कप्तान नाथन मैकस्वीनी (25) को विकेट के पीछे कैच करा कर ऑस्ट्रेलिया ए का स्कोर तीन विकेट पर 48 रन कर दिया। लेकिन सैम कोंटास एक छोर पर डटे रहे। उन्होंने 128 गेंद पर 73 रन की नाबाद पारी खेली। ऑस्ट्रेलिया की टेस्ट टीम में जगह बनाने के दावेदार इस युवा बल्लेबाज ने वेबस्टर (66 गेंदों पर नाबाद 46) के साथ 96 रन की अटूट साझेदारी करके टीम को लक्ष्य तक पहुंचाया। इस बीच ओलिवर डेविस ने 21 रन का योगदान दिया।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!