World Lung Cancer Day 2026: फेफड़ों का कैंसर (लंग कैंसर) आज दुनिया की सबसे गंभीर समस्याओं में से एक बन चुका है। हर साल लाखों लोग इस बीमारी की चपेट में आते हैं और समय पर पहचान न होने के कारण बड़ी संख्या में मरीजों की जान चली जाती है। लोगों को इस बीमारी के प्रति जागरूक करने, शुरुआती जांच (स्क्रीनिंग) को बढ़ावा देने और बेहतर इलाज की दिशा में प्रयास तेज करने के उद्देश्य से हर साल 1 अगस्त को विश्व लंग कैंसर दिवस (World Lung Cancer Day) मनाया जाता है। आइए जानते हैं कि इस दिन की शुरुआत कब हुई, इसका महत्व क्या है और वर्ष 2026 की थीम क्या है।
कब मनाया जाता है विश्व लंग कैंसर दिवस?
विश्व लंग कैंसर दिवस हर वर्ष 1 अगस्त को मनाया जाता है। इस अवसर पर दुनियाभर में स्वास्थ्य संस्थान, अस्पताल, डॉक्टर और कैंसर से जुड़ी संस्थाएं जागरूकता अभियान चलाती हैं। इन अभियानों का उद्देश्य लोगों को लंग कैंसर के शुरुआती लक्षणों, जोखिम कारकों और समय पर जांच के महत्व के बारे में जानकारी देना होता है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: क्या ई-सिगरेट बढ़ा रही है फेफड़ों के कैंसर का खतरा? जानिए डॉक्टर की राय
विश्व लंग कैंसर दिवस का इतिहास - World Lung Cancer Day History
विश्व लंग कैंसर दिवस की शुरुआत साल 2012 में हुई थी। इसे मनाने की पहल Lung Cancer Foundation of America (LCFA) और अन्य अंतरराष्ट्रीय संगठनों ने मिलकर की थी। इसका उद्देश्य फेफड़ों के कैंसर के बारे में फैली गलत धारणाओं को दूर करना, मरीजों के लिए बेहतर उपचार सुविधाओं की मांग करना और इस बीमारी पर अधिक शोध को बढ़ावा देना था। तब से हर साल 1 अगस्त को दुनिया के कई देशों में यह दिवस मनाया जाता है।
विश्व लंग कैंसर दिवस का महत्व
विश्व लंग कैंसर दिवस केवल एक जागरूकता दिवस नहीं है, बल्कि यह लोगों को समय रहते जांच कराने और जोखिम कारकों से बचने के लिए प्रेरित करता है। विशेषज्ञों के अनुसार शुरुआती चरण में लंग कैंसर का पता चल जाए तो इलाज की सफलता की संभावना काफी बढ़ जाती है। इस दिन मुख्य रूप से लोगों को धूम्रपान छोड़ने, सेकेंड हैंड स्मोक से बचने, वायु प्रदूषण के दुष्प्रभावों के प्रति सतर्क रहने और नियमित स्वास्थ्य जांच कराने के लिए प्रेरित किया जाता है। साथ ही कैंसर रिसर्च, आधुनिक उपचार तकनीकों और मरीजों के लिए बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया जाता है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: क्या होती है 'हाफ-बेक्ड' वैक्सीन? जानिए क्यों हो रही है इसकी चर्चा
World Lung Cancer Day 2026 थीम
विश्व लंग कैंसर दिवस 2026 की आधिकारिक थीम - 'Together through Lung Cancer' (फेफड़े के कैंसर के पार, साथ मिलकर) है। इस अंतरराष्ट्रीय संगठनों की ओर से सार्वजनिक रूप से घोषित की गई है। इस थीम के आधार पर जागरूकता अभियान और विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
लंग कैंसर के प्रमुख कारक
लंग कैंसर का सबसे बड़ा कारण धूम्रपान माना जाता है, लेकिन यह बीमारी केवल धूम्रपान करने वालों तक सीमित नहीं है। लंबे समय तक वायु प्रदूषण के संपर्क में रहना, सेकेंड हैंड स्मोक, एस्बेस्टस और रेडॉन जैसी हानिकारक गैसों का प्रभाव, कुछ रसायनों के संपर्क में आना तथा पारिवारिक इतिहास भी इसके जोखिम को बढ़ा सकते हैं।
जागरूकता ही सबसे बड़ा बचाव
लंग कैंसर के मामलों में लगातार बढ़ोतरी यह संकेत देती है कि केवल इलाज ही नहीं, बल्कि जागरूकता और रोकथाम भी उतनी ही जरूरी है। धूम्रपान से दूरी, स्वच्छ वातावरण, स्वस्थ जीवनशैली और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच इस बीमारी के खतरे को काफी हद तक कम कर सकती है। विश्व लंग कैंसर दिवस हमें यही संदेश देता है कि समय रहते उठाया गया एक कदम कई जिंदगियां बचा सकता है।
