देश

एक घर, चार लाशें और तीन पिस्टल... बलरामपुर की दिल दहला देने वाली वारदात, शख्स ने पत्नी-बच्चों की हत्या के बाद कर ली खुदकुशी

  • Agency by: Agency
  • Updated Aug 1, 2026, 07:42 AM IST

UP Crime: उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले के झौहना गांव में एक ही परिवार के चार सदस्यों की संदिग्ध मौत से सनसनी फैल गई। मृतकों में पति-पत्नी और उनके दो बच्चे शामिल हैं। पुलिस को प्रथम दृष्टया मामला हत्या के बाद आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन एक बच्चे के शरीर पर गोली का निशान नहीं मिलने के कारण अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

Image

बलरामपुर में खौफनाक कांड: एक घर में पति-पत्नी और दो बच्चों की मौत

UP Crime: बलरामपुर के देहात कोतवाली क्षेत्र के ग्राम झौहना में शुक्रवार शाम एक ही परिवार के चार सदस्यों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतकों में पति-पत्नी, उनका बेटा और बेटी शामिल हैं। प्रारंभिक पुलिस जांच में मामला हत्या के बाद आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। जांच में यह भी सामने आया है कि पारिवारिक कुछ विवाद भी हो सकता है।

पहले पत्नी फिर की बच्चों की हत्या

पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया आशंका है कि पति ने पहले पत्नी और दोनों बच्चों की हत्या की, इसके बाद स्वयं आत्महत्या कर ली। घटनास्थल से तीन पिस्टल बरामद हुई हैं। जांच के दौरान तीन मृतकों के शरीर पर गोली लगने के निशान मिले हैं, जबकि एक बच्चे के शरीर पर अभी तक गोली का निशान नहीं मिलने से पुलिस अन्य संभावित कारणों की भी पड़ताल कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही मौत के सही कारण स्पष्ट हो सकेंगे।

घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री कार्यालय, उत्तर प्रदेश ने भी मामले का संज्ञान लिया है। इसके बाद शुक्रवार रात करीब 10 बजे देवीपाटन परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) घटनास्थल पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने मृतकों के परिजनों और पुलिस अधिकारियों से घटना की विस्तृत जानकारी ली तथा निष्पक्ष और त्वरित जांच के निर्देश दिए।

फोरेंसिक टीम की मदद से जांच शुरू की गई

पुलिस अधीक्षक विकास कुमार समेत जिले के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी देर रात तक मौके पर मौजूद रहे। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र कर फोरेंसिक टीम की मदद से जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी तथ्यों की गहनता से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।असल घटना का कारण जाँच होने ओर पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पायेगा.
End of Article