क्रिकेट

Asian Games 2023: जानिए टीम इंडिया कब और किसके खिलाफ खेलेगी मैच, विश्व कप से हो रहा है क्लैश

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Jul 28, 2023, 06:28 PM IST

रुतुराज गायकवाड़ की कप्तानी वाली भारतीय क्रिकेट टीम 19वें एशियाई खेलों में 5 अक्टूबर को अपने अभियान की शुरुआत करेगी। अगर टीम इंडिया फाइनल में पहुंचती है तो उसे लगातार तीन मैच तीन दिन में खेलने पड़ेंगे।

Image

19वें एशियाई खेल लोगो

नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम 23 सितंबर से चीन के हांग्जू शहर में आयोजित होने वाले 19वें एशियन खेलों में भाग लेने के लिए कमर कस चुकी है। रुतुराज गायकवाड़ की कप्तानी में भारतीय टीम गोल्ड मेडल के लिए अपना दावा पेश करती नजर आएगी। क्रिकेट की स्पर्धा में 18 टीमें भाग ले रही हैं। आईसीसी टी20 रैंकिंग के आधार पर एशिया की टॉप 4 टीमें सीधे क्वार्टर फाइनल मैच अपने अभियान की शुरुआत करेगी। ऐसे में भारतीय टीम कब और किस टीम के भिड़ेगी इसकी तस्वीर साफ हो गई है।

5 अक्टूबर को खेलेगी टीम इंडिया पहला मैच

टीम इंडिया पहला मैच 5 अक्टूबर को खेलेगी। यह क्वार्टर फाइनल मुकाबला होगा। इसके बाद 6 अक्टूबर को सेमीफाइनल और 7 अक्टूबर को फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। अगर भारतीय टीम फाइनल में पहुंचने में सफल होती है तो उसे लगातार तीन मैच खेलने होंगे। पूरी संभावना है कि भारतीय टीम क्वार्टर फाइनल में बांग्लादेश या अफगानिस्तान में से किसी एक की बी टीम से भिड़ेंगी। भारत में 5 अक्टूबर से विश्व कप 2023 का अहमदाबाद में आगाज हो रहा है। भारत, बांग्लादेश और अफगानिस्तान की सीनियर टीमें उसमें शिरकत करेंगी। एशियाई खेलों का फाइनल विश्व कप की शुरुआत के दो दिन बाद खेला जाएगा।

दो सप्ताह पहले भारतीय टीम पहुंचेगी चीन

माना जा रहा है कि भारतीय टीम ओपनिंग सेरेमनी से पहले खेल गांव पहुंच जाएगी। हालांकि बीसीसीआई ने अबतक इस बात की पुष्टि नहीं की है कि टीम खेल गांव में रुकेगी या शहर के पांच सितारा होटल में। भारतीय टीम के पास क्रिकेट की स्पर्धा के आगाज से पहले तैयारी के लिए दो सप्ताह का वक्त होगा। भारतीय टीम के सभी मैच भारतीय समयानुसार दोपहर 12 बजे( स्थानीय समय दोपहर ढाई बजे) से खेले जाएंगे। एशियाई खेलों के क्रिकेट मैचों को अंतरराष्ट्रीय मैचों का दर्जा दिया जाएगा।

एशियाई खेलों में खेले जाएंगे कुल 32 मैच

महिला और पुरुष दोनों वर्गों में क्रिकेट में कुल 32 मैच खेले जाएंगे। 14 मैच महिला वर्ग में और 18 मैच पुरुष वर्ग में खेले जाएंगे। वर्ल्ड कप में भाग लेने वाली टीमों की वरीयता 1 जून की आईसीसी टी20 रैंकिंग के आधार पर तय होगी। महिला वर्ग के मैच 19 सितंबर से शुरू होंगे और फाइनल मुकाबला 26 सितंबर को खेला जाएगा। भारत, बांग्लादेश, पाकिस्तान और श्रीलंका की टीमें सीधे क्वार्टर फाइनल में खेलती नजर आएंगी।

हरमनप्रीत के खेलने पर फंसा पेंच

एशियाई खेलों के मैचों के अंतरराष्ट्रीय मैच की मान्यता मिलने के बाद टीम इंडिया की कप्तान हरमनप्रीत कौर के लिए पेंच फंस गया है। हाल ही में बांग्लादेश दौरे पर वनडे सीरीज के आखिरी मुकाबले में खराब अंपायरिंग पर निशाना साधने और स्टंप पर आउट होने के बाद बल्ला मारने की वजह से आईसीसी ने उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की है और उन्हें दो अंतरराष्ट्रीय मैचों के लिए निलंबित कर दिया है। ऐसे में वो एशियाई खेलों में क्वार्टर फाइनल और सेमीफाइनल में नहीं खेल पाएंगी। अगर टीम इंडिया फाइनल में पहुंचती है तो हरमनप्रीत को खेलने का मौका मिल सकता है।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article