Asia Cup 2025 Today Match Schedule, Aaj Kiska Match Hai: एशिया कप 2025 के सुपर-4 चरण में मंगलवार (22 सितंबर 2025) को श्रीलंका और पाकिस्तान आमने-सामने होंगे। दोनों ही टीमें अपने पहले सुपर-4 मुकाबले में हार झेल चुकी हैं और अब इस मैच में जीत दर्ज कर टूर्नामेंट की रेस में बने रहना चाहेंगी। यह मुकाबला अबू धाबी के शेख जायद स्टेडियम में खेला जाएगा और दोनों टीमों के लिए करो या मरो जैसा है। मैच में पाकिस्तान की कमान सलमान आगा (Salman Agha) के पास है वहीं श्रीलंका की कप्तानी चरित असलंका (Charith Asalanka) कर रहे हैं।
गत चैंपियन श्रीलंका की लय टूटी
श्रीलंका ने ग्रुप चरण में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपराजेय रहते हुए सुपर-4 में जगह बनाई थी। लेकिन बांग्लादेश ने उसे सुपर-4 के पहले मैच में चार विकेट से हराकर टी20 एशिया कप में उसकी लगातार आठ जीतों की लय को तोड़ दिया। इस हार ने न केवल उसका विजय अभियान थाम दिया बल्कि उसकी लय को भी प्रभावित किया।
पाकिस्तान मैदान के बाहर की सुर्खियों में
पाकिस्तान की टीम इस समय मैदान के अंदर से ज्यादा मैदान के बाहर की गतिविधियों को लेकर चर्चा में है। चिर-प्रतिद्वंद्वी भारत ने रविवार को उसे एकतरफा अंदाज में हराया, जो इस एशिया कप में उसकी भारत के खिलाफ लगातार दूसरी हार थी। इस हार के बाद पाकिस्तान की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।
अंक तालिका में स्थिति
भारत और बांग्लादेश ने अब तक सुपर-4 चरण में अपने-अपने मुकाबले जीतकर दो-दो अंक हासिल किए हैं। बेहतर नेट रनरेट के आधार पर सूर्यकुमार यादव की भारतीय टीम शीर्ष पर है। श्रीलंका और पाकिस्तान क्रमशः तीसरे और चौथे स्थान पर हैं। ऐसे में यह मुकाबला दोनों के लिए बेहद अहम हो जाता है।
दोनों टीमों के स्क्वॉड
श्रीलंका: चरिथ असलंका (कप्तान), पथुम निशांका, कुसल मेंडिस (विकेटकीपर), कुसल परेरा, नुवानिडु फर्नांडो, कमिंदु मेंडिस, कमिल मिशारा, दासुन शनाका, वांडिंडु हसरंगा, दुनिथ वेल्लालगे, चमिका करुणारत्ने, महीश तीक्षाना, दुष्मंथा चमीरा, बिनुरा फर्नांडो, नुवान तुषारा, मथीशा पथिराना।
पाकिस्तान: सलमान अली आगा (कप्तान), अबरार अहमद, फैहीम अशरफ, फखर जमान, हारिस रऊफ, हसन अली, हसन नवाज, हुसैन तलत, खुशदिल शाह, मोहम्मद हारिस, मोहम्मद नवाज, मोहम्मद वसीम जूनियर, साहिबजादा फरहान, सईम अयूब, सलमान मिर्जा, शाहीन अफरीदी, सुफयान मोकिम।
