क्रिकेट

Asia Cup 2025: टीम चयन से पहले सूर्यकुमार यादव को लेकर आई अच्छी खबर

एशिया कप 2025 के लिए होने वाले भारतीय टीम के चयन से पहले कप्तान सूर्यकुमार यादव के बारे में एक अहम खबर आई है। सूर्या ने सेंटर ऑफ एक्सिलेंस में फिटनेस टेस्ट पार कर लिया है।

Image

सूर्यकुमार यादव (फोटो क्रेडिट AP)

नई दिल्ली: भारत की एशिया कप टीम चुनने के लिए अजीत अगरकर की अगुवाई वाली चयन समिति की बैठक से पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने बेंगलुरु स्थित ‘बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ में अपना फिटनेस टेस्ट पास कर लिया है। सूर्यकुमार आखिरी बार आईपीएल में खेले थे और ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ चुने गए। इस आक्रामक बल्लेबाज ने जून में जर्मनी के म्यूनिख में पेट के निचले दाहिने हिस्से में ‘स्पोर्ट्स हर्निया’ की सर्जरी करवाई थी। बीसीसीआई के एक सूत्र ने पीटीआई को बताया, 'सर्जरी के बाद वापसी (रिटर्न टू प्ले-आरटीपी) से पहले फिटनेस टेस्ट अनिवार्य है। सूर्यकुमार ने फिटनेस टेस्ट पास कर लिया है।'

सर्जरी के बाद सूर्यकुमार ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया था,'पेट के निचले दाहिने हिस्से में स्पोर्ट्स हर्निया की सर्जरी करवाई। यह बताते हुए खुशी हो रही है कि सर्जरी के बाद मैं पहले से ही ठीक हो रहा हूं। वापसी का बेसब्री से इंतज़ार कर रहा हूं।' फिटनेस हासिल करने के बाद यह स्टाइलिश बल्लेबाज अब मंगलवार को मुंबई में चयन समिति की बैठक में शामिल होगा। एशिया कप नौ से 28 सितंबर तक यूएई में खेला जाएगा जिसमें भारत अपने अभियान की शुरुआत 10 सितंबर को मेजबान टीम के खिलाफ करेगा जबकि चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबला 14 सितंबर को दुबई में होगा।

चौंतीस साल के इस खिलाड़ी ने आईपीएल सत्र में शानदार प्रदर्शन करते हुए 717 रन बनाए और सचिन तेंदुलकर के बाद मुंबई इंडियंस के लिए एक सत्र में 600 से ज्यादा रन बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज बने थे। वह ‘ऑरेंज कैप’ विजेता गुजरात टाइटन्स के साई सुदर्शन (759 रन) से पीछे रहे और मुंबई इंडियंस को प्लेऑफ में पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई जहां टीम ने एलिमिनेटर में गुजरात को हराया लेकिन फिर दूसरे क्वालीफायर में पंजाब किंग्स से हार गई। इसके तुरंत बाद वह टी20 मुंबई लीग में ‘ट्रायम्फ नाइट्स मुंबई नॉर्थ ईस्ट’ के लिए खेले और पांच पारियों में 122 रन बनाए। यह स्पष्ट नहीं है कि इस दौरान हर्निया का दर्द बढ़ा या नहीं। सूर्यकुमार की 2023 में टखने की सर्जरी और स्पोर्ट्स हर्निया का ऑपरेशन भी हुआ था।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article