क्रिकेट

Asia Cup 2023, IND vs PAK Pitch Report, Weather: भारत-पाकिस्तान मुकाबले की पिच रिपोर्ट और मौसम का ताजा हाल, यहां जानिए

  • Authored by: शिवम अवस्थी
  • Updated Oct 4, 2023, 06:52 PM IST

Asia Cup 2023, IND vs PAK ODI Pitch Report Pallekele International Cricket Stadium and Kandy Weather Forecast Today: आज (2 September 2023) एशिया कप 2023 में टूर्नामेंट का सबसे बड़ा मुकाबला खेला जाना है। आमने-सामने हैं भारत और पाकिस्तान और पूरी दुनिया की निगाहें इन पर टिक चुकी हैं। तो आइए जानते हैं कि इस मैच में कैसी है पिच रिपोर्ट और कैंडी में मौसम की ताजा स्थिति क्या है।

Image

भारत-पाकिस्तान पिच रिपोर्ट

KEY HIGHLIGHTS
  • भारत-पाकिस्तान एशिया कप 2023 मुकाबला आज
  • दोनों टीमें ग्रुप-ए की सबसे बड़ी टक्कर में आमने-सामने
  • कैंडी के पल्लेकल स्टेडियम में खेला जाएगा मैच

India vs Pakistan (IND vs PAK) Pitch Report Pallekele International Cricket Stadium, Kandy Weather: श्रीलंकाई जमीन पर एशिया कप 2023 जारी है, दो मुकाबले हो चुके हैं और अब बारी है तीसरे और सबसे बड़े मुकाबले की, एक ऐसा मुकाबला जिसका दुनिया भर के करोड़ों फैंस को बेसब्री से इंतजार था। आज ये इंतजार खत्म होगा जब भारत और पाकिस्तान की टीमें कैंडी के पालेकल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में ग्रुप-ए का मुकाबला खेलने मैदान पर उतरेंगी। इस मैच के काफी पहले से वेन्यू के मौसम और पिच को लेकर तमाम चर्चाएं हैं, आइए उन सभी बातें का जवाब देते हैं।(IND vs PAK LIVE Match LINK)

भारत और पाकिस्तान की क्रिकेट प्रतिद्वंद्विता दशकों पुरानी है और जब-जब ये दोनों टीमें मैदान पर होती हैं उत्साह सातवें आसमान पर होता है। वहीं, उतना ही दबाव खिलाड़ियों पर भी होता है। दोनों टीमों के वनडे एशिया कप रिकॉर्ड की बात की जाए तो अब तक भारतीय क्रिकेट टीम ने 6 बार एशिया कप खिताब अपने नाम किया है, जबकि पाकिस्तान सिर्फ दो बार इस खिताब को जीत सका है। वनडे क्रिकेट में भारत-पाकिस्तान की आखिरी भिड़ंत आईसीसी क्रिकेट विश्व कप 2019 में हुई थी जहां भारत ने शानदार जीत दर्ज की थी। उसके बाद से अब जाकर फिर दोनों टीमें 50 ओवर प्रारूप में आमने-सामने आई हैं। अब बात करते हैं पालेकल स्टेडियम की पिच रिपोर्ट के बारे में और कैंडी के मौसम की ताजा स्थिति पर।

कैसी होगी भारत-पाकिस्तान मैच की पिच रिपोर्ट? (IND vs PAK Pitch Report)

ये बहुचर्चित मुकाबला श्रीलंका के वादियों वाले शहर कैंडी के पालेकल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में होने जा रहा है। इस मैदान पर मौजूदा एशिया कप में अब तक एक मैच खेला गया है और वो भी कुछ ही दिन पहले ही हुआ था जिसमें मेजबान श्रीलंका ने बांग्लादेश को करारी शिकस्त देकर टूर्नामेंट का आगाज किया। दिलचस्प बात ये रही कि यहां पर इतिहास में रनों की बौछार होती आई है लेकिन बांग्लादेश की टीम पहले बैटिंग करने उतरी और शांटो के 89 रनों के बावजूद वे 164 रन पर सिमट गए। इसका प्रमुख कारण रहा मध्यक्रम का फेल होना और श्रीलंका के युवा मलिंगा स्टाइल पेसर मथीशा पथिराना (4 विकेट) का कहर। लेकिन इस पिच को सिर्फ इस एक मैच से नहीं भांप सकते क्योंकि यहां बड़े-बड़े स्कोर बन चुके हैं। ऐसे में जब दो बड़ी टीमें और उनके दिग्गज बल्लेबाज आमने-सामने होंगे तो रनों की बारिश तय होगी। वहीं तेज गेंदबाज यहां कारगर साबित होते आए हैं इसलिए टीमें उसी हिसाब से अपनी प्लेइंग इलेवन का संयोजन तय करेंगी।

आज भारत-पाक मैच के दौरान कैसा है कैंडी का मौसम? (Kandy Weather Forecast Today)

टीम इंडिया और पाकिस्तान न्यूट्रल वेन्यू पर खेल रहे हैं और ये एक ऐसा वेन्यू है जहां मौसम कई बार बेईमान होता आया है। कैंडी के मौसम का कोई भरोसा नहीं है। ये मुकाबला भारतीय समय के मुताबिक दोपहर 3 बजे से शुरू होगा। फिलहाल जो ताजा अनुमान है उसको लेकर पूरे क्रिकेट जगत में चर्चा व खलबली मची हुई है। दरअसल, मौसम विभाग के मुताबिक यहां आज बारिश होना तय है। बारिश होने का अनुमान 80 से 90 फीसदी का लगाया गया है। ऐसे में सभी फैंस और खिलाड़ी भी चिंतित होंगे। अब देखना ये है कि बारिश कितनी होती है और क्या मैच मुमकिन हो भी पाता है या नहीं। वहीं मैदान पर उमस भी बहुत रहने वाली है जिसका अनुमान 83 फीसदी तक है। अब तापमान की बात करें तो कैंडी में आज अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेंटीग्रेड तक जा सकता है जबकि न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेंटीग्रेड तक रहने के आसार हैं।

LIVE WEATHER UPDATE: ताजा अपडेट ये है कि सुबह कैंडी में तकरीबन दो घंटे बारिश हुई थी। उसके बाद बारिश रुक गई थी। दोपहर 12.30 बजे के करीब एक बार फिर हल्की बारिश शुरू हो गई और काले बादल लगातार छाए हुए हैं। फिलहाल मैदान को कवर किया हुआ है।

भारत और श्रीलंका की टीमें

टीम इंडिया: रोहित शर्मा (कप्तान), विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल , शुभमन गिल, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, ईशान किशन, हार्दिक पंड्या, रविंद्र जडेजा, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज, कुलदीप यादव, प्रसिद्ध कृष्णा, संजू सैमसन, अक्षर पटेल और शार्दुल ठाकुर।

पाकिस्तान क्रिकेट टीम: बाबर आजम (कप्तान), अब्दुल्ला शफीक, फखर जमां, इमामुल हक, सलमान अली आगा, इफ्तिखार अहमद, मोहम्मद रिजवान, मोहम्मद हारिस, शादाब खान, मोहम्मद नवाज, नसीम शाह, शाहीन अफरीदी , सऊद शकील, तैयब ताहिर, उसामा मीर, फहीम अशरफ, हारिस रऊफ और मोहम्मद वसीम जूनियर।

शिवम अवस्थी
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article