लंदन: इंग्लैंड और आस्ट्रेलिया के बीच बुधवार को दूसरे एशेज टेस्ट के पहले दिन का खेल शुरू होने के समय ‘जस्ट स्टॉप आइल’ ग्रुप के दो प्रदर्शनकारी मैदान में घुस गए और करीब पांच मिनट तक खेल बाधित रहा। पर्यावरण के लिये काम कर रहे इन प्रदर्शनकारियों ने मैदान पर नारंगी पाउडर डालने की कोशिश की लेकिन दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने रोका।
बेयर्स्टो ने एक प्रदर्शनकारी को अकेले संभाला
इंग्लैंड के विकेटकीपर जॉनी बेयर्स्टो एक प्रदर्शनकारी को 50 मीटर तक ले गए और सीमा के पास सुरक्षाकर्मियों को सौंप दिया । दूसरे को इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स और आस्ट्रेलिया के बल्लेबाज डेविड वॉर्नर ने बाहर भेजा। बाद में बेयरस्टो इंग्लैंड के चेंजिंग रूम में गए क्योंकि उनके ऊपर पाउडर गिर गया था।
कई खेल आयोजनों में ग्रुप डाल चुका है बाधा
इस साल इस ग्रुप ने ब्रिटेन में कई खेल आयोजनों में बाधा पैदा की है। आयरलैंड के खिलाफ टेस्ट के दौरान उन्होंने इंग्लैंड टीम की बस को रोका। इसके अलावा प्रीमियर लीग फुटबॉल, प्रीमियरशिप रग्बी फाइनल, विश्व स्नूकर चैम्पियनशिप में भी बाधा पहुंचाई। इनका मकसद ब्रिटिश सरकार को नये ईंधन की लाइसेंसिंग और उत्पादन से रोकना है।
अश्विन ने ली चुटकी
टीएनपीएल में खेल रहे टीम इंडिया के धाकड़ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने जॉनी बेयर्स्टो के प्रोटेस्टर को उठाकर मैदान से बाहर ले जाने के वीडियो को साझा करते हुए चुटकी ली है। अश्विन ने कहा, दूसरे टेस्ट की अच्छी शुरुआत, बेयर्स्टो ने पहले ही कुछ ज्यादा वजन उठा लिया है।
प्रशंसकों को आई सायमंड्स की याद
जॉनी बेयर्स्टो को प्रोटेस्टर को उठाए देखकर प्रशंसकों को ऑस्ट्रेलिया के दिवंगत क्रिकेटर एंड्रर्यू सायमंड्स की याद आ गई। ऐसा ही उन्होंने एक बार गाबा में खेले जा रहे मैच के दौरान बाधा डालने आए प्रशंसक को खुद ही संभाला था। उन्होंने सिक्योरिटी अधिकारियों के मैदान में आने का इंतजार नहीं किया था।
