अर्जुन तेंदुलकर के पदार्पण मैच में शतक के कारण चर्चा में रहा गोवा और राजस्थान के बीच रणजी ट्रॉफी ग्रुप सी का मैच शुक्रवार को यहां नीरस ड्रॉ के रूप में समाप्त हुआ जिसमें चार दिन में केवल एक एक पारी ही समाप्त हो पाई। सुयश प्रभुदेसाई (212) के दोहरे शतक और अर्जुन तेंदुलकर (120) के शतक की मदद से गोवा ने अपनी पहली पारी नौ विकेट पर 547 रन के विशाल स्कोर पर समाप्त घोषित की थी। राजस्थान ने इसके जवाब में तीसरे और चौथे दिन बल्लेबाजी करते हुए 456 रन बनाए।
गोवा ने तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक राजस्थान के छह विकेट 245 रन पर निकालकर उम्मीद जगाई थी लेकिन शुक्रवार को सुबह दो विकेट जल्दी निकालने के बावजूद निचले क्रम के बल्लेबाज अराफात खान (नाबाद 80) और मानव सुतार (48) ने उसकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया। इन दोनों के अलावा अनिकेत चौधरी ने 38 रन बनाए।
तेंदुलकर ने चौधरी को आउट करके राजस्थान की पारी का अंत किया। तेंदुलकर ने मैच में शतक बनाने के अलावा 104 रन देकर तीन विकेट भी हासिल किए। गोवा की तरफ से मोहित रेदकर सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 113 रन देकर पांच विकेट लिए।
