क्रिकेट

'आपने अपना सबकुछ झोंक दिया..' पुजारा के संन्यास पर अनिल कुंबले ने कही दिल की बात

Cheteshwar Pujara Retirement: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और दिग्गज स्पिनर अनिल कुंबले ने चेतेश्वर पुजारा के क्रिकेट से संन्यास पर उन्हें दूसरी पारी के लिए शुभकानाएं दी हैं। कुंबले ने पुजारा को क्रिकेट का सच्चा दूत कहा है।

Image

चेतेश्वर पुजारा (फोटो- ICC

Cheteshwar Pujara Retirement: रोहित शर्मा विराट कोहली और रविचंद्रन अश्विन के बाद भारतीय टीम के एक और दिग्गज खिलाड़ी ने संन्यास का ऐलान कर दिया है। टीम इंडिया का सालों तक नंबर 3 की पोजिशन पर भार संभालने वाले धाकड़ खिलाड़ी चेतेश्वर पुजारा ने संन्यास का ऐलान कर दिया है।भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और दिग्गज स्पिनर अनिल कुंबले ने चेतेश्वर पुजारा के क्रिकेट से संन्यास पर उन्हें ढेरों शुभकामनाएं दी हैं। कुंबले ने पुजारा को क्रिकेट का सच्चा दूत बताया और उनकी दूसरी पारी के लिए शुभेच्छा प्रकट की।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कुंबले ने लिखा कि "शानदार करियर के लिए बधाई, आप इस अद्भुत खेल के एक बेहतरीन दूत रहे हैं। क्रिकेट के मैदान पर आपकी सभी उपलब्धियों पर हमें गर्व है। आपने टीम के लिए अपना सब कुछ झोंक दिया। आपके साथ काम करना हमारे लिए सौभाग्य की बात थी और आशा है कि आप अपनी दूसरी पारी में भी इसी तरह चमकते रहेंगे। आपको, पूजा, अदिति और आपके पिताजी को शुभकामनाएं। शाबाश।"

क्रिकेट जगत से शुभकामनाओं की बौछार

पुजारा के संन्यास के बाद सिर्फ कुंबले ही नहीं, बल्कि क्रिकेट जगत की कई बड़ी हस्तियों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं।

आईसीसी, बीसीसीआई, चेन्नई सुपर किंग्स, पंजाब किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) जैसी संस्थाओं ने सोशल मीडिया पर उनके करियर को सलाम किया।इसके अलावा वीरेंद्र सहवाग, वीवीएस लक्ष्मण, गौतम गंभीर, सूर्यकुमार यादव, आर. अश्विन, वसीम जाफर और ऋद्धिमान साहा जैसे दिग्गज क्रिकेटरों ने भी उन्हें शानदार करियर के लिए बधाई दी।

टेस्ट क्रिकेट का भरोसेमंद चेहरा

चेतेश्वर पुजारा की पहचान हमेशा टेस्ट क्रिकेट के भरोसेमंद बल्लेबाज के रूप में रही है। उनकी धैर्यपूर्ण बल्लेबाजी ने कई बार मुश्किल हालात में भारतीय टीम को संभाला और जीत की राह दिखाई।एक दशक से अधिक समय तक पुजारा भारतीय टेस्ट बल्लेबाजी की रीढ़ बने रहे। विदेशी दौरों पर मिली ऐतिहासिक जीतों में उनका योगदान अमूल्य रहा।

करियर के आंकड़े

पुजारा ने 2010 से 2023 के बीच भारत के लिए 103 टेस्ट मैचों की 176 पारियों में बल्लेबाजी की। इस दौरान उन्होंने 43.37 की औसत से 7,195 रन बनाए।उनके बल्ले से 19 शतक, जिनमें 3 दोहरे शतक शामिल हैं, और 35 अर्धशतक निकले। उनका सर्वाधिक व्यक्तिगत स्कोर 206 रन रहा।टेस्ट के अलावा पुजारा ने भारत की ओर से 5 वनडे मैच भी खेले।

(ians)

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुन... और देखें

End of Article