क्रिकेट

वैभव की कंसिसटेंसी का फैन बना एक और पूर्व भारतीय कप्तान

पूरे क्रिकेट वर्ल्ड को अपना दीवाना बना चुके वैभव सूर्यवंशी को एक और जबरा फैन मिल गया। नया नाम पूर्व भारतीय कप्तान अनिल कुंबले का है जिन्होंने इस युवा बल्लेबाज की जमकर तारीफ की है और बताया है कि कौन सी चीज उन्हें बाकियों से अलग करती है?

Image

वैभव सूर्यवंशी (साभार-X)

क्या देश और क्या विदेश इन दिनों आईपीएल से ज्यादा चर्चा 15 साल के वैभव सूर्यवंशी को लेकर हो रही है। भारतीय खिलाड़ी से लेकर ओवरसीज दिग्गज तक इस युवा बल्लेबाज के फैन बन चुके हैं। अब इस लिस्ट में पूर्व भारतीय कप्तान अनिल कुंबले का नाम भी जुड़ गया है। पूर्व भारतीय कप्तान और भारत के सबसे सफल गेंदबाज अनिल कुंबले ने वैभव की कंसिसटेंसी की तारीफ की। उन्होंने 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की आक्रामक बल्लेबाजी और निरंतरता की जमकर सराहना करते हुए कहा कि केवल छक्कों की ताकत नहीं, बल्कि उनकी कंसिसटेंसी इस युवा खिलाड़ी को खास बनाती है।

सूर्यवंशी ने इंडियन प्रीमियर लीग के मौजूदा सत्र में 65 छक्के जड़कर इतिहास रच दिया है। उन्होंने वेस्टइंडीज के दिग्गज क्रिस गेल के 2012 में बनाए गए 59 छक्कों के पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। राजस्थान रॉयल्स के इस युवा खिलाड़ी ने 15 पारियों में 680 रन बनाकर ऑरेंज कैप (आईपीएल सत्र में सबसे अधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी को दी जाने वाली सूची में शीर्ष स्थान) भी अपने नाम कर ली है। इसी के साथ उन्होंने एक टी20 सीरीज में किशोर खिलाड़ी द्वारा सबसे अधिक रन बनाने का विश्व रिकॉर्ड भी अपने नाम किया है।

कुंबले ने ’जियो हॉटस्टार’ के ’गेम प्लान’ में कहा, "वैभव सूर्यवंशी ’ऑरेंज कैप’ धारक हैं, और यह उपलब्धि सिर्फ एक बार या कुछ ही टीमों के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन करने से नहीं मिलती। उन्होंने पिछले दो महीनों में लगातार ऐसा प्रदर्शन किया है, और यह इस युवा खिलाड़ी के बारे में बहुत कुछ कहता है।" उन्होंने कहा, "वह सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले खिलाड़ी हैं, लेकिन यह सिर्फ मैदान पर जाकर कुछ छक्के जड़ने की बात नहीं है।" कुंबले ने कहा कि सूर्यवंशी के उभार से उनके सलामी जोड़ीदार यशस्वी जायसवाल पर भी दबाव बढ़ा है। जायसवाल ने इस सत्र में 15 मैचों में 426 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका औसत 32.77 और स्ट्राइक रेट 153.24 रहा है।

कुंबले ने कहा, "जायसवाल को गेंदबाजों ने अच्छी गेंदबाजी की है, लेकिन वह निश्चित रूप से दबाव में हैं। कुछ साल पहले सारी चर्चा उन्हीं पर थी, लेकिन अब 15 साल का एक खिलाड़ी पूरी दुनिया में सुर्खियां बटोर रहा है।" उन्होंने आगे कहा, "सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच में भी उनकी साझेदारी शानदार रही थी। उन्होंने आठ ओवरों में करीब 120 रन बनाए, लेकिन इनमें से ज्यादातर रन सूर्यवंशी ने ही बनाए थे।" कुंबले ने यह भी कहा, "जायसवाल को इस बात की निराशा होगी कि बल्लेबाजी के लिए आसान पिच पर भी वह तेजी से रन बनाने में विफल रहे।"

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article