देश

अरविंद केजरीवाल को गुजरात हाईकोर्ट ने दिया करारा झटका; PM मोदी की डिग्री मामले में खारिज की याचिका

अरविंद केजरीवाल ने अपनी याचिका में हाई कोर्ट की एकल पीठ के आदेश को चुनौती दी थी। इस आदेश में हाई कोर्ट की एकल पीठ ने पीएम मोदी की अकादमिक डिग्री सार्वजनिक करने के लिए गुजरात विश्वविद्यालय को दिए गए निर्देश को रद्द कर दिया गया था।

Image

अरविंद केजरीवाल।

आम आदमी पार्टी सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल को गुजरात हाईकोर्ट से करारा झटका लगा है। हाईकोर्ट ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की डिग्री से जुड़े मामले में मंगलवार को सुनवाई करते हुए अरविंद केजरीवाल की अपील को खारिज कर दिया है। अरविंद केजरीवाल ने अपनी याचिका में हाई कोर्ट की एकल पीठ के आदेश को चुनौती दी थी। इस आदेश में हाई कोर्ट की एकल पीठ ने पीएम मोदी की अकादमिक डिग्री सार्वजनिक करने के लिए गुजरात विश्वविद्यालय को दिए गए निर्देश को रद्द कर दिया गया था।

इसी मामले में अरविंद केजरीवाल की याचिका पर सुनवाई करते हुए मुख्य न्यायाधीश सुनीता अग्रवाल और न्यायमूर्ति डीएन रे की खंडपीठ ने एकल न्यायाधीश के आदेश को बरकरार रखा है। इस दौरान खंडपीठ ने कहा कि केंद्रीय सूचना आयोग (सीआईसी) के 2016 के निर्देश को रद्द करने और केजरीवाल पर 25,000 रुपये का जुर्माना लगाने वाले फैसले में हस्तक्षेप करने का कोई आधार नहीं है।

उच्च न्यायालय ने अपने आदेश में कहा कि इस मामले के सभी तथ्यों और परिस्थितियों को देखते हुए यह कहा जा सकता है कि अपीलकर्ता ने सुनवाई के दौरान जो भी दलीलें दीं, उनमें से किसी से भी यह साबित नहीं होता कि पहले के फैसले में कोई त्रुटि थी। इसलिए अपील खारिज की जाती है और इस पर कोई अतिरिक्त खर्च नहीं लगाया जाएगा।

बता दें कि तब हाईकोर्ट की एकल पीठ ने 31 मार्च, 2023 को केंद्रीय सूचना आयोग (सीआईसी) के आदेश को रद्द करते हुए केजरीवाल पर 25,000 रुपये का जुर्माना भी लगाया था। साथ ही पीठ ने सूचना का अधिकार (आरटीआई) अधिनियम के प्रावधानों के दुरुपयोग को लेकर उन्हें फटकार लगाई थी और कहा था कि उनका रवैया गंभीर नहीं था।

अपील पर सुनवाई के दौरान केजरीवाल के वकील अभिषेक मनु सिंघवी ने जुर्माना लगाए जाने के आधार को चुनौती दी थी। उन्होंने कहा था कि उनके मुवक्किल ने प्रधानमंत्री मोदी की डिग्री मांगने पर "लगातार जोर नहीं दिया" था, जबकि एकल पीठ ने अपने आदेश में इसके विपरीत टिप्पणी की थी। उन्होंने यह भी कहा था कि सीआईसी ने स्वतः संज्ञान लेते हुए कार्यवाही शुरू की थी और एक औपचारिक आवेदन के बजाय एक पत्र के आधार पर केजरीवाल को पक्षकार बनाया था।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article