क्रिकेट

इंग्लैंड दौरे पर धमाल मचाने के बाद बिहार पहुंचे आकाशदीप, शानदार अंदाज में हुआ स्वागत

इंग्लैंड दौरे पर शानदार प्रदर्शन करके बाद तेज गेंदबाज आकाशदीप अपने गृह राज्य बिहार लौटे तो उनका राजधानी पटना में जमकर स्वागत हुआ। जानिए उन्होंने अपनी इंग्लैंड में सफलता के बारे में क्या कहा?

Image

आकाशदीप (फोटो क्रेडिट @kumravi_ias X)

पटना: भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज आकाश दीप इंग्लैंड में खेली गई 5 टेस्ट मैचों की एंडरसन-तेंदुलकर सीरीज की समाप्ति के बाद पहली बार अपने गृह राज्य बिहार पहुंचे। आकाश दीप ने कहा कि बिहार आकर मुझे हमेशा अच्छा लगता है। एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बात करते हुए आकाश दीप ने कहा,'जन्मभूमि पर आकर हमेशा अच्छा लगता है। लोगों ने जितना प्यार दिया है, बहुत अच्छा लग रहा है।'

आकाशदीप ने ओवल टेस्ट में बल्ले से मचाया धमाल

इंग्लैंड के खिलाफ द ओवल में खेले गए सीरीज के पांचवें और निर्णायक टेस्ट में आकाश दीप ने बतौर बल्लेबाज प्रभावित किया था और दूसरी पारी में 66 रन बनाए थे, जो टीम की जीत में अहम साबित हुए थे। इस पर उन्होंने कहा कि मैं टीम का हिस्सा हूं, टीम को जहां भी मेरी जरूरत पड़ेगी, मैं खड़ा रहूंगा। मैंने कोई एहसान नहीं किया है। टीम को जरूरत थी कि मैं रन बनाऊं, मैंने बनाए। बिहार में युवाओं के लिए भविष्य में खेल की संभावना पर आकाश दीप ने कहा कि राज्य में खेल के क्षेत्र में विकास हो रहा है। राजगीर में स्टेडियम बन रहा है। मुझे लगता है कि युवा खिलाड़ियों के लिए अवसर बढ़ रहे हैं और आने वाले समय में राज्य से और भी खिलाड़ी उच्च स्तर पर खेलेंगे।

सीरीज की 2-2 से बराबरी में रही अहम भूमिका

आकाश दीप को इंग्लैंड के खिलाफ पांच टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए भारतीय टीम में चुना गया था। आकाश दीप को तीन टेस्ट मैचों में खेलने का मौका मिला। इसमें दो टेस्ट मैचों में भारत को जीत मिली थी और दोनों में ही आकाश दीप की बड़ी भूमिका रही थी। भारत ने बर्मिंघम में खेला गया सीरीज का दूसरा टेस्ट 336 रन से जीता था। इस टेस्ट में आकाश दीप ने 10 विकेट लिए थे। इसके बाद भारतीय टीम ने सीरीज का पांचवां टेस्ट जीता। इस टेस्ट में आकाश ने बल्ले से कमाल दिखाया था और दूसरी पारी में बेहद अहम 66 रन बनाए थे। इसके अलावा 2 विकेट भी उन्होंने लिए थे। भारत ने यह टेस्ट 6 रन से जीत सीरीज 2-2 से बराबर की थी।

सासाराम जिले के रहने वाले हैं आकाशदीप

आकाश दीप बिहार के सासाराम जिले से संबंध रखते हैं। वह बंगाल की तरफ से घरेलू क्रिकेट खेलते हैं। 2024 में टेस्ट में डेब्यू करने वाले आकाश ने अब तक 10 टेस्ट मैचों में 28 विकेट लिए हैं। इंग्लैंड दौरे पर तीन टेस्ट मैचों में उन्होंने 13 विकेट लिए थे।

(IANS)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article