केरल कांग्रेस की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भारत के मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) सूर्यकांत के इस्तीफे की मांग करने वाली पोस्ट को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। हालांकि, विवाद बढ़ने के बाद पार्टी ने इस पोस्ट को डिलीट कर दिया। केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) के अध्यक्ष सनी जोसेफ ने मामले में कार्रवाई की जानकारी देते हुए कहा कि आपत्तिजनक पोस्ट के लिए जिम्मेदार व्यक्ति को उसके पद से हटा दिया गया है।
तिरुवनंतपुरम में इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए सनी जोसेफ ने स्पष्ट किया कि पार्टी के आधिकारिक एक्स अकाउंट से यह पोस्ट केपीसीसी नेतृत्व की जानकारी, सहमति या परामर्श के बिना प्रकाशित की गई थी। उन्होंने कहा कि पार्टी अब उन परिस्थितियों की जांच करेगी, जिनमें यह पोस्ट साझा की गई।
सीजेआई सूर्यकांत के खिलाफ पोस्ट पर कांग्रेस ने क्या कहा?
केपीसीसी अध्यक्ष सनी जोसेफ ने कहा कि मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट प्रकाशित करने के लिए जिम्मेदार व्यक्ति को पद से हटा दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस पोस्ट को पार्टी नेतृत्व की मंजूरी नहीं मिली थी।
उन्होंने कहा कि केपीसीसी इस बात की जांच करेगी कि आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से यह पोस्ट किन परिस्थितियों में प्रकाशित हुई। पार्टी ने पोस्ट को डिलीट भी कर दिया है। गौरतलब है कि विवाद बढ़ने के बाद पार्टी ने पोस्ट को हटा दिया, लेकिन तब तक यह मुद्दा राजनीतिक बहस का हिस्सा बन चुका था।
बीजेपी ने साधा निशाना
इस मामले को लेकर बीजेपी ने भी कांग्रेस पर निशाना साधा। बीजेपी सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में आरोप लगाया कि कांग्रेस की सोच वामपंथियों और चरमपंथियों जैसी होती जा रही है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस देश में अराजकता का माहौल पैदा करना चाहती है।
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने भी कहा कि कांग्रेस का अगला निशाना देश की न्यायपालिका और संवैधानिक संस्थाएं हैं। वहीं समाजवादी पार्टी के सांसद राजीव राय ने भी इस पूरे घटनाक्रम पर अपनी निराशा व्यक्त की है। कुल मिलाकर, कानूनी याचिका से शुरू हुआ यह घटनाक्रम अब संस्थागत गरिमा बनाम राजनीतिक घमासान का केंद्र बन चुका है।
