क्रिकेट

टी20 त्रिकोणीय सीरीज के लिए अफगानिस्तान की टीम का ऐलान, राशिद खान संभालेंगे कमान

एशिया कप 2025 से पहले यूएई में आयोजित होने जा रही तीन देशों की टी20 सीरीज के लिए अफगानिस्तान ने अपनी टीम का ऐलान कर दिया है। सीरीज के लिए राशिद खान के हाथ में टीम की कमान सौंपी गई है।

Image

अफगानिस्तान क्रिकेट टीम (फोटो क्रेडिट @ACBofficials X)

नई दिल्ली: यूएई में 29 अगस्त से त्रिकोणीय टी20 सीरीज की शुरुआत होने जा रही है, जिसमें राशिद खान अफगानिस्तानी टीम की कमान संभालेंगे। इब्राहिम जादरान और मुजीब उर रहमान की वापसी ने अफगानिस्तान के खेमे को मजबूत बनाया है। अफगानिस्तान की इस 17 सदस्यीय टीम में नवीन-उल-हक को मौका नहीं दिया गया है। उनके स्थान पर 22 वर्षीय तेज गेंदबाज अब्दुल्ला अहमदजई टीम में शामिल हैं। 10 टी20 मैचों में 14 विकेट ले चुके अब्दुल्ला अहमदजई ने अभी तक अपना अंतरराष्ट्रीय डेब्यू नहीं किया है। वह एशिया कप के लिए रिजर्व खिलाड़ियों में शामिल हैं।

बाएं हाथ के स्पिनर नांगेयालिया खारोटे को मुख्य टीम से बाहर रखा गया है, लेकिन वह एशिया कप के लिए रिजर्व खिलाड़ी होंगे। त्रिकोणीय सीरीज के लिए एक महत्वपूर्ण बदलाव मिस्ट्री स्पिनर एएम गजनफर को टीम में शामिल करना है, जो राशिद खान, मोहम्मद नबी, मुजीब उर रहमान और नूर अहमद जैसी मजबूत स्पिन गेंदबाजी यूनिट में शामिल हो गए हैं।

ऐसा है त्रिकोणीय सीरीज का कार्यक्रम

अफगानिस्तान की टीम 29 अगस्त को पाकिस्तान के खिलाफ शारजाह में खेले जाने वाले सीरीज के पहले मुकाबले के साथ अपने अभियान की शुरुआत करेगी। यह टूर्नामेंट इन टीमों को 9 सितंबर से शुरू होने वाले एशिया कप से पहले अपने प्रतिद्वंद्वियों के बारे में जानकारी हासिल करने का मौका देगा। डबल राउंड-रॉबिन फॉर्मेट के शुरुआती मुकाबले में पाकिस्तान को चुनौती देने के बाद अफगानिस्तान की टीम 1 सितंबर को यूएई से भिड़ेगी। इसके बाद 2 सितंबर को उसका सामना पाकिस्तान से होगा, जबकि 5 सितंबर को एक बार फिर यूएई की टीम उसके सामने होगी। शीर्ष दो टीमें 7 सितंबर को होने वाले फाइनल में पहुंचेंगी। टूर्नामेंट के सभी मुकाबले शारजाह क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाने हैं।

त्रिकोणीय सीरीज के लिए अफगानिस्तान की टीम:

राशिद खान (कप्तान), रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), इब्राहिम जादरान, दरवेश रसूली, सादिकुल्लाह अटल, अजमतुल्लाह उमरजई, करीम जन्नत, मोहम्मद नबी, गुलबदीन नायब, शराफुद्दीन अशरफ, मोहम्मद इशाक, मुजीब उर रहमान, एएम गजनफर, नूर अहमद, फरीद अहमद, अब्दुल्ला अहमदजई और फजलहक फारूकी।

(IANS)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!