Australia cricket team injury news, ICC T20 World Cup 2022: ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम ने सोमवार शाम ब्रिस्बेन में आयरलैंड के खिलाफ खेले गए आईसीसी टी20 विश्व कप 2022 के मुकाबले में 42 रनों से शानदार जीत दर्ज की। इस मैच में ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजी क्रम में लंबे समय बाद हीरो बने उनके कप्तान आरोन फिंच जिन्होंने 63 रनों की बेहतरीन पारी खेली। हालांकि इस जीत के बाद ऑस्ट्रेलियाई फैंस व टीम के लिए चोटिल खिलाड़ियों की खबर भी आई है जिसने उनको चिंता में डाल दिया होगा।
आयरलैंड को हराने के बाद ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम ने टी20 विश्व कप 2022 में अपनी सेमीफाइनल की उम्मीदों को जिंदा रखा है लेकिन उसके खिलाड़ियों की फिटनेस आने वाले मैच के लिए चिंता का विषय बन गई है। कप्तान आरोन फिंच ने मैच में 63 रनों की पारी तो खेली लेकिन उसके बाद वो फील्डिंग करने तो उतरे लेकिन तुरंत कुछ ही देर में मैदान से बाहर भी चले गए और फिर दोबारा फील्डिंग करने नहीं आए।
मैदान से जाते समय वो ठीक से चल नहीं पा रहे थे और शायद उनको हैमस्ट्रिंग में खिंचाव की शिकायत है। अब खबर है कि उनको स्कैन से गुजरना होगा ताकि उनके दर्द की असल वजह सामने आ सके।
सिर्फ फिंच ही नहीं, बताया जा रहा है कि टिम डेविड और मार्कस स्टोइनिस भी चोट से जूझ रहे हैं। ये दोनों खिलाड़ी भी पूरे मैच में फील्डिंग नहीं कर सके थे। टिम डेविड को बाएं हैमस्ट्रिंग में शिकायत है जबकि स्टोइनिस की चोट के बारे में अभी कोई सूचना नहीं है। फिंच की बात करें तो उन्होंने मैच के बाद अपने बयान में खुद भी बताया कि उनको हैमस्ट्रिंग को लेकर थोड़ी सी दिक्कत है।
