क्रिकेट

IND vs ENG: मैनचेस्टर टेस्ट से पहले कप्तान गिल ने प्लेइंग 11 को लेकर दे दिया बड़ा हिंट, सिराज का साथी चोट के चलते बाहर

Shubman Gill Press Conference: भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान शुभमन गिल ने मैनचेस्टर में खेले जाने वाले चौथे टेस्ट मैच से पहले भारतीय टीम की प्लेइंग 11 को लेकर एक बड़ा अपडेट दिया है। गिल ने ये साफ कर दिया है कि आकाश दीप चोट के चलते बाहर हो गए हैं। वहीं पंत को लेकर भी नई जानकारी सामने आई है।

Image

शुभमन गिल प्रेस कांफ्रेंस (फोटो- Screengrab/bcci video)

Shubman Gill Press Conference: भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने इंग्लैंड के खिलाफ बुधवार से शुरू हो रहे चौथे टेस्ट में ऋषभ पंत के विकेटकीपर के तौर पर खेलने की मंगलवार को पुष्टि करते हुए कहा कि तेज गेंदबाज आकाशदीप इस अहम मुकाबले से बाहर रहेंगे।पंत से जुड़ी यह खबर भारत के लिए एक बड़ी राहत है क्योंकि आकाशदीप के अलावा हरफनमौला नीतीश रेड्डी और तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह के चोटिल होने से टीम पहले से ही परेशानी में है।

रेड्डी अब श्रृंखला से बाहर हो गये हैं जबकि आकाशदीप और अर्शदीप ओल्ड ट्रैफर्ड टेस्ट में नहीं खेलेंगे।पंत को लॉर्ड्स में इंग्लैंड की पहली पारी केदौरान चोट उंगली में चोट लग गयी थी जिससे वह मैच के ज्यादातर हिस्से में विकेटकीपिंग नहीं कर पाये थे।पंत ने सोमवार को यहां भारतीय टीम के दो घंटे से अधिक समय तक चले अभ्यास सत्र में हिस्सा लिया था।

ऋषभ पंत करेंगे विकेटकीपिंग

गिल ने मैच की पूर्व संध्या पर कहा है कि 'ऋषभ पंत मैनचेस्टर में इंग्लैंड के खिलाफ चौथे टेस्ट में विकेटकीपिंग करेंगे।'चोट के कारण पंत ने तीसरे टेस्ट में केवल 35 ओवर के लिए विकेटकीपर की भूमिका निभाई थी, बाकी मैच में ध्रुव जुरेल ने यह जिम्मेदारी संभाली थी।जुरेल का विकेट के पीछे प्रदर्शन हालांकि निराशाजनक रहा था। उन्होंने 25 बाई रन दिये थे जबकि इंग्लैंड ने इस टेस्ट मैच को 22 रन से जीता था।

अंशुल कंबोज को मिल सकता है मौका

अर्शदीप और आकाशदीप की चोटों के कारण भारत को नए तेज गेंदबाज अंशुला कंबोज को टीम में शामिल करना पड़ा है। गिल ने हरियाणा के इस खिलाड़ी की तारीफ करते हुए कहा कि 'हमने उसका कौशल देखा है। हमें विश्वास है कि वह हमारे लिए मैच विजेता साबित हो सकता है। कंबोज कल अपना पदार्पण करने के करीब है। एकादश में उसे मौका मिलेगा या प्रसिद्ध कृष्णा को इसका पता आपको कल चल जायेगा।'

जब खिलाड़ी चोटिल होते हैं तो आसान नहीं होता- गिल

भारतीय कप्तान ने श्रृंखला के अहम चरण में खिलाड़ियों के चोटिल होने पर कहा - 'खिलाड़ी जब चोटिल होते हैं तो यह कभी आसान नहीं होता है। नीतीश पूरी श्रृंखला से बाहर है और आकाश भी इस मैच के लिए अनुपलब्ध हैं। हमारे पास हालांकि 20 विकेट लेने के लिए पर्याप्त अच्छे खिलाड़ी हैं।'इस श्रृंखला में सधी शुरुआत को बड़ी पारी में बदलने में नाकाम रहे करुण नायर का बचाव करते हुए गिल ने कहा - 'हमें लगता है कि वह अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं। उन्हें शुरुआती मैच में अपने पसंदीदा क्रम पर बल्लेबाजी का मौका नहीं मिला। उनकी बल्लेबाजी में कोई समस्या नहीं है। एक बार जब आप 50 रन तक पहुंचने में सक्षम हो जाते हैं और सही लय में आ जाते हैं तो बड़ा स्कोर खड़ा कर सकते हैं। 'नायर ने अब तक पहले तीन टेस्ट मैचों में 0, 20, 31, 26, 40 और 14 रन की पारियां खेली हैं।इंग्लैंड पांच मैचों की श्रृंखला में 2-1 से आगे है।

(भाषा)

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article