अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट और 3 मैच की वनडे सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान कर दिया गया। इस घोषणा के बाद पूर्व भारतीय क्रिकेट और कामेंटेटर आकाश चोपड़ा ने बीसीसीआई के सामने एक मांग रख दी है। उन्होंने यह मांग भारत-पाकिस्तान मुकाबले को लेकर रखी है। आकाश ने बीसीसीआई से भारत-अफगानिस्तान वनडे सीरीज के पहले मुकाबले की तारीख में बदलाव की मांग की है। आपको बता दें कि 3 मैच की वनडे सीरीज का आगाज 14 जून से होने जा रहा है। पहला मुकाबला धर्मशाला के एचपीसीए क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा।
आकाश चोपड़ा ने क्यों रखी मांग?
आकाश चोपड़ा ने इस मैच को 14 जून की जगह 13 जून को कराने की अपील की है। उन्होंने कहा 'बीसीसीआई को मेरा एक छोटा सा सुझाव भी है और एक विनती भी है। आकाश ने कहा कि 14 वाला मैच 13 यानी शनिवार को शिफ्ट कर दो। दरअसल 14 जून को विमेंस टी20 वर्ल्ड कप में भारतीय महिला टीम अपने अभियान की शुरुआत करने जा रही है। इस दिन भारत-पाकिस्तान का मुकाबला होना है। आकाश चोपड़ा ने कहा कि उस दिन भारतीय मेंस टीम को नहीं खेलना चाहिए। सर प्लीज देख लो, अगर हो जाए तो। उन्होंने महिला क्रिकेट को सपोर्ट करने की मांग भी रखी।
इसके अलावा आकाश चोपड़ा ने आकिब नबी को टीम में ना चुने जाने को लेकर सवाल उठाए हैं। नबी ने 2025-26 रणजी ट्रॉफी सीजन में 17 पारी में सर्वाधिक 60 विकेट चटकाए थे। इसके बावजूद उन्हें अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाले एकमात्र टेस्ट मैच की टीम में मौका नहीं दिया गया। हालांकि, उन्होंने उम्मीद जताई कि हो सकता है कि सेलेक्टर उन्हें न्यूजीलैंड दौरे के लिए देख रही हो।
भारत-अफगानिस्तान वनडे सीरीज शेड्यूल (IND vs AFG Schedule)
पहला वनडे (14 जून-धर्मशाला)
दूसरा वनडे (17 जून- लखनऊ)
तीसरा वनडे (20 जून- चेन्नई)
ये सभी वनडे मुकाबले दोपहर 1.30 बजे से शुरू होंगे और इसकी लाइव स्ट्रीमिंग आप सोनी लिव ऐप पर देख सकेंगे।
