क्रिकेट

IPL 2026: आकाश चोपड़ा ने किया राजस्थान रॉयल्स की टीम का रिव्यू, बताया-क्यों खलेगी इस खिलाड़ी की कमी

आकाश चोपड़ा ने आईपीएल 2026 के आगाज से पहले एक बार की चैंपियन राजस्थान रॉयल्स की कमजोरी और ताकत पर रोशनी डाली है और कहा है कि टीम को आगामी सीजन में इंग्लैंड के इस खिलाड़ी की खलेगी कमी।

Image

रियान पराग, रवींद्र जडेजा और यशस्वी जायसवाल (फोटो क्रेडिट Rajasthan Royals X)

नई दिल्ली: आईपीएल 2026 का आगाज 28 मार्च से होने जा रहा है। टूर्नामेंट की शुरुआत से पहले भारत के पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने राजस्थान रॉयल्स की टीम में मौजूद कुछ खामियों को उजागर किया है। उन्होंने बताया कि सैम कुरेन अगर टूर्नामेंट से बाहर होते हैं, तो राजस्थान टीम की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। आकाश ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट 'एक्स' पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें वह राजस्थान रॉयल्स टीम का रिव्यू करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में पूर्व भारतीय क्रिकेटर राजस्थान की ताकत और खामियों पर बात करते हुए नजर आए। सीजन की शुरुआत से पहले राजस्थान को बड़ा झटका लगा है। 'ईएसपीएन क्रिकइंफो' की खबर के अनुसार, ऑलराउंडर सैम कुरेन ग्रोइन इंजरी की वजह से पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। कुरेन हाल ही में खत्म हुए टी20 वर्ल्ड कप 2026 में शानदार लय में दिखाई दिए थे।

कुरेन की खलेगी रॉयल्स को कमी

आकाश चोपड़ा के अनुसार, सैम कुरेन की गैरमौजूदगी से राजस्थान के जीतने के चांस कम हो सकते हैं, क्योंकि टीम को एक बार फिर प्लेइंग इलेवन में नंबर 8 पर एक मजबूत बल्लेबाज न होने की समस्या का सामना करना पड़ सकता है। आकाश ने 'एक्स' पर शेयर किए वीडियो में कहा,'सैम कुरेन की गैरमौजूदगी ने चुनौती को और भी बड़ा बना दिया है। नंबर 8 पर कौन बल्लेबाजी करेगा? क्या यह समस्या उन्हें एक बार फिर परेशान करेगी? हो सकता है कि उन्हें नांद्रे बर्गर को खिलाना पड़े।'

राजस्थान की बल्लेबाजी में है दम

हालांकि, पूर्व भारतीय बल्लेबाज ने टीम की बैटिंग और बॉलिंग यूनिट की तारीफ करते हुए कहा कि उनके पास खेल के हर चरण के लिए विकल्प मौजूद हैं और ऐसे दमदार हिटर हैं जो शुरुआत से ही हावी हो सकते हैं।उन्होंने कहा,'राजस्थान रॉयल्स की बैटिंग में जबरदस्त मारक क्षमता है। वैभव सूर्यवंशी, यशस्वी जायसवाल, रियान पराग, ध्रुव जुरेल, शिमरॉन हेटमायर, डेनियल फरेरा, रवींद्र जडेजा और जोफ्रा आर्चर।'

गेंदबाजी में भी है संतुलन

आकाश ने राजस्थान के गेंदबाजी अटैक के बारे में बात करते हुए कहा,'तेज गेंदबाजी विभाग में भी आपके पास ऐसे गेंदबाज हैं जो अलग-अलग चरणों में गेंदबाजी कर सकते हैं। नई गेंद के साथ बर्गर और जोफ्रा आर्चर शुरुआत कर सकते हैं। संदीप और तुषार भी टीम के पास मौजूद हैं। इसके अलावा माफाका के रूप में भी एक बढ़िया गेंदबाज मौजूद है। स्पिन विभाग में भी सुधार हुआ है। इस बार टीम के पास जडेजा और रवि बिश्नोई के रूप में दो प्रभावशाली स्पिनर हैं।'

पराग के पास है खुद को साबित करने का मौका

चोपड़ा का यह भी मानना है कि यह सीजन नए कप्तान रियान पराग के लिए खुद को साबित कुरेने का एक बड़ा मौका है। 'कप्तान के लिए यह अपना नाम बनाने का एक अच्छा मौका है। ध्रुव जुरेल और यशस्वी जायसवाल ऑरेंज कैप जीत सकते हैं। वैभव सूर्यवंशी भी चमक सकते हैं। जहां तक बैटिंग की बात है, तो टीम की रणनीति लगातार आक्रामक बने रहने की होगी, जबकि गेंदबाजी में शुरुआती ओवरों में और फिर बीच के ओवरों में विकेट लेने पर जोर रहेगा।' राजस्थान रॉयल्स आईपीएल 2026 में अपना पहला मैच 30 मार्च को गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ खेलेगी।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article