आईपीएल 2026 का आगाज 28 मार्च से होने जा रहा है। शुरुआती 20 मैच के लिए कार्यक्रम की घोषणा कर दी गई है और जल्द पूरा शेड्यूल भी जारी कर दिया जाएगा, लेकिन इससे पहले पूर्व भारतीय बल्लेबाज आकाश चोपड़ा ने ऑरेंज कैप और पर्पल कैप विजेतो को लेकर बड़ी भविष्यवाणी की है। आपको बता दें कि आईपीएल के पूरे सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी को ऑरेंज कैप से नवाजा जाता है जबकि सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले खिलाड़ी को पर्पल कैप दिया जाता है। इस बार ये दो अवॉर्ड किस खिलाड़ी को मिलेंगे, इसको लेकर आकाश चोपड़ा ने अपनी पसंद बताई है।
राजस्थान का खिलाड़ी बनेगा ऑरेंज कैप होल्डर
आकाश चोपड़ा को लगता है कि आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स के सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल इस बार का ऑरेंज कैप जीत सकते हैं। आपको बता दें कि ऐसा अनुमान लगाया जा रहा है कि इस बार जायसवाल के साथ 14 साल के वैभव सूर्यवंशी पारी की शुरुआत कर सकते हैं। पारी की शुरुआत करने वाले खिलाड़ी के पास ज्यादा रन बनाने का मौका होता है। पिछले सीजन की बात करें तो उन्होंने 14 मैच में 159.71 की स्ट्राइक रेट से 559 रन बनाए थे। वह रन बनाने के मामले में 7वें नंबर पर रहे थे।
मुंबई से होगा पर्पल कैप होल्डर
आकाश चोपड़ा यहीं नहीं रुके, उन्होंने लगे हाथ पर्पल कैप को लेकर भी भविष्यवाणी कर दी। आकाश चोपड़ा की मानें तो इस बार पर्पल कैप मुंबई इंडियंस के जसप्रीत बुमराह को मिल सकता है। जसप्रीत बुमराह का मौजूदा फॉर्म शानदार रहा है। टी20 वर्ल्ड कप में वह सबसे सफल गेंदबाज रहे थे। बुमराह ने फाइनल में 4 विकेट सहित 14 विकेट चटकाए थे। पिछला सीजन इस गेंदबाज के लिए शानदार रहा था। मुंबई इंडियंस आखिरी 4 में पहुंचने में अगर कामयाब हुई थी तो उसके पीछे का सबसे बड़ा कारण जसप्रीत बुमराह ही थे। उन्होंने 12 पारी में 18 विकेट चटकाए थे।
