IPL 2026 Today Match Schedule 28 March: आज (28 मार्च) आईपीएल 2026 का पहला मैच खेला जाएगा, जिसके साथ ही तकरीबन ढाई महीने तक चलने वाली दुनिया की सबसे प्रतिष्ठित टी20 लीग का आगाज हो जाएगा। आईपीएल 2026 के लिए पिछले साल के अंत में जब खिलाड़ियों की नीलामी हुई थी तो उसमें तमाम टीमों ने अपने कई पुराने खिलाड़ियों का साथ छोड़ा और कई नए खिलाड़ियों को टीमों में शामिल किया, जिसकी वजह से इस बार फैंस को टीमें अलग तेवर के साथ देखने को मिलेंगी। इंडियन प्रीमियर लीग (Indian Premier League) का ये 19वां संस्करण है और टी20 विश्व कप 2026 के कुछ ही दिन बाद ये टूर्नामेंट शुरू हो रहा है, ऐसे में बहुत से खिलाड़ी अभी लय में हैं और इसलिए रोमांचक मुकाबले जरूर देखने को मिलेंगे।
आज किसका मैच हैः आईपीएल 2026 में आज का मैच रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला जाएगा। ये सीजन का पहला मुकाबला होगा। जहां आरसीबी ने पिछले साल अपने आईपीएल इतिहास का पहला खिताब जीता है और वो इस टाइटल की रक्षा करने के इरादे से मैदान पर उतरेंगे। वहीं सनराइजर्स हैदराबाद की टीम शुरूआती कुछ मैचों में ईशान किशन (Ishan Kishan) की कप्तानी में खेलती नजर आएगी क्योंकि अभी नियमित कप्तान पैट कमिंस उपलब्ध नहीं हैं। वहीं, आरसीबी टीम की अगुवाई रजत पाटीदार (Rajat Patidar) करेंगे।
कैसे हैं बेंगलुरू और हैदराबाद के आंकड़े (RCB vs SRH Stats)
आईपीएल 2026 के पहले मैच में आमने-सामने आने वाली आरसीबी और एसआरएच की टीमों के आंकड़ों को देखें तो अब तक दोनों टीमें आपस में 26 मैच खेल चुकी हैं। इनमें 13 मैच SRH ने जीते हैं। जबकि RCB ने 11 मैचों में जीत हासिल की है। बेंगलुरू के मैदान पर दोनों टीमों के बीच आज तक 9 आईपीएल मैच खेले जा चुके हैं जिसमें बेंगलुरू ने पांच मैच जीते हैं, जबकि हैदराबाद तीन मैच जीत चुका है।
IPL 2026 में आज के पहले मैच का शेड्यूल, कब और कहां होने जा रहा है आज का मैच? (IPL 2026 Today Match Schedule, 28 March 2026, Saturday)
| किसका-किसका मैच | कहां होगा मुकाबला | मैच का समय |
| बेंगलुरू बनाम हैदराबाद (RCB vs SRH) | बेंगलुरू (एम चिन्नास्वामी स्टेडियम) | शाम 7:30 बजे से शुरू होगा |
आज के मैच में किन खिलाड़ियों पर रहेंगी फैंस की नजरें (Players To Watch Out For In RCB vs SRH IPL Match Today)
आईपीएल 2026 में आज जब रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू और सनराइजर्स हैदराबाद की टीमें आमने-सामने आएंगी तो सभी की नजरें कुछ बड़े सितारों पर रहेंगी। बेंगलुरू की तरफ से विराट कोहली (Virat Kohli), फिल सॉल्ट (Phil Salt), टिम डेविड (Tim David), भुवनेश्वर कुमार (Bhuvneshwar Kumar) और जैकब बैथल (Jacob Bethell) जैसे शानदार खिलाड़ियों पर नजरें होंगी। वहीं, सनराइजर्स हैदराबाद के लिए कप्तान ईशान किशन के अलावा टीम के दोनों ओपनर्स ट्रेविस हेड (Travis Head) और अभिषेक शर्मा (Abhishek Sharma) से बड़ी साझेदारी की उम्मीद होगी। उनके अलावा मिडिल ऑर्डर में हेनरिच क्लासेन (Heinrich Klaasen) और गेंदबाजों में हर्षल पटेल (Harshal Patel) से सबसे ज्यादा आस होगी।
