क्रिकेट

चैंपियन मानसिकता का प्रतिबिंब...एशियाई खेलों में टीम इंडिया की लगातार दूसरी स्वर्णिम जीत के बाद क्या बोले कप्तान श्रेयस अय्यर

श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने पाकिस्तान को एशियाई खेलों के फाइनल मुकाबले में पटखनी देकर लगातार दूसरी बार स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया है। टीम इंडिया के कप्तान ने स्वर्णिम जीत के बाद क्या कहा?

Image

श्रेयस अय्यर (फोटो क्रेडिट BCCI X)

निशिन: भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने शनिवार को कहा कि एशियाई खेलों के लिए तैयारियों में हुई बाधाओं के बावजूद उनकी टीम ने शिकायत नहीं की और यही एक चैंपियन टीम की निशानी थी जिसने महाद्वीपीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक की नींव रखी। भारत की तैयारियां बारिश से बुरी तरह प्रभावित हुईं और टीम को एक अक्टूबर को श्रीलंका के खिलाफ सेमीफाइनल से पहले ही अपना पहला उचित ट्रेनिंग सत्र मिला।

परिस्थितियों के अनुरूप ढली टीम इंडिया

टीम 20 सितंबर को जापान पहुंची और 22 सितंबर को सानो में पांच ओवर का मैच खेला और फिर नागोया के लिए रवाना हुई। 28 सितंबर को अफगानिस्तान के खिलाफ एशियाड क्वार्टरफाइनल बारिश के कारण धुल गया था। अय्यर ने कहा कि शनिवार को फाइनल में पाकिस्तान को 19 रन से हराने से पहले टीम ने बहाने बनाने के बजाय परिस्थितियों के अनुसार ढलने का विकल्प चुना।

चैंपियन टीम की निशानी है ये जीत

अय्यर ने फाइनल के बाद कहा,'अगर मुझे एक शब्द का इस्तेमाल करना हो, तो मैं कहूंगा कि बेहद खुश। जिस दिन से हम जापान पहुंचे, उस दिन से मूसलाधार बारिश हो रही थी और हम लगभग एक सप्ताह तक अभ्यास नहीं कर सके। लेकिन लड़कों ने जिस तरह खुद को तैयार किया और हम साथ-साथ ट्रेनिंग भी कर रहे थे। हमने शिकायत नहीं की, हमने कोई बहाना नहीं बनाया। तो यह अपने आप में एक चैंपियन टीम की निशानी थी। और आज उसी का प्रतिबिंब था।'

पूरी टीम को दिया जीत का श्रेय

भारत ने छह विकेट पर 211 रन बनाए जिसके बाद पाकिस्तान को छह विकेट पर 192 रन पर रोक दिया। अय्यर ने टीम के सामूहिक प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा,'जब आप फाइनल खेल रहे होते हैं, तो आप चाहते हैं कि हर एक खिलाड़ी आगे आए और अपना योगदान दे। और आज हमने यही देखा। अभिषेक ने हमें वह शुरुआत दी और फिर तिलक ने मूल रूप से पारी का अंत किया। और फिर गेंदबाजी में वॉशिंगटन ने वह जिम्मेदारी संभाली, अक्षर हर समय अपने अंदाज में रहे और बुमराह के बारे में हम जानते ही हैं।'

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article