स्पोर्ट्स

Chess Olympiad: डी गुकेश ने पलटी हारी बाजी, भारतीय पुरुषों ने जर्मनी को हराकर पदक की उम्मीद को रखा बरकरार

मौजूदा विश्व चैंपियन डी गुकेश ने जर्मनी के खिलाफ हारी बाजी को पलटते हुए चेज ओलंपियाड में भारत को नौवें राउंड में जीत दिलाकर पदक की उम्मीदों को बरकरार रखा है।

Image

डी गुकेश (फोटो क्रेडिट Narendra Modi X)

समरकंद (उज्बेकिस्तान): मौजूदा विश्व चैंपियन डी गुकेश की अगुवाई में भारतीय पुरुष टीम ने 46वें शतरंज ओलंपियाड के नौवें दौर में जर्मनी पर 2.5-1.5 से जीत दर्ज की जबकि महिला टीम ने उज्बेकिस्तान को 3-1 से रौंद दिया। गुकेश खेल के अधिकांश हिस्से में संघर्ष करते रहे लेकिन उन्होंने जोरदार वापसी करते हुए अलेक्जेंडर डोनचेनकोव को मात दी, उन्होंने शानदार खेल के बल पर हारी बाजी पलट दी। इसी नतीजे ने भारतीय पुरुषों के पक्ष में बाजी पलट दी जो जर्मनी के खिलाफ हार की ओर बढ़ते दिख रहे थे। भारतीय टीम के 15 अंक हो गए हैं और दुनिया के सबसे बड़े शतरंज महोत्सव में दो दौर बाकी रहते पोडियम स्थान की दौड़ में बनी हुई है।

ऐसा रहा भारतीय खिलाड़ियों का नौवें राउंड में प्रदर्शन

पुरुष वर्ग के अन्य तीन मुकाबले ड्रॉ रहे जिसमें आर प्रज्ञानानंदा ने विंसेंट कीमर के साथ बाजी बराबर की, अर्जुन एरिगेसी ने मैथियास ब्लॉबाम के साथ अंक बांटा और निहाल सरीन ने फ्रेडरिक स्वाने के खिलाफ भी यही नतीजा हासिल किया। महिला वर्ग में भारतीय महिलाओं के लिए चीजें काफी आसान रहीं क्योंकि दिव्या देशमुख और वंतिका अग्रवाल ने आसान जीत दर्ज की जबकि कोनेरू हम्पी और साविता श्री को ड्रॉ से संतोष करना पड़ा।

चीनी महिलाओं का अंक तालिका में दबदबा जारी

चीन की टीम ने अर्मेनियाई महिलाओं पर एक और 3-1 की जीत की बदौलत तालिका में अपनी बढ़त बरकरार रखी। चीन ने कुल 17 अंक कर लिए हैं और अब निकटतम प्रतिद्वंद्वियों पर दो अंकों की बढ़त हासिल कर ली है जिसमें भारत भी शामिल है। उज्बेकिस्तान ने शीर्ष वरीयता प्राप्त अमेरिकी पुरुष टीम के खिलाफ जीत दर्ज करके ओपन वर्ग में स्वर्ण पदक लगभग पक्का कर लिया।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article