स्पोर्ट्स

भारतीय फुटबॉल टीम ने विश्व रैंकिग में 44वें पायदान पर काबिज पनामा को ड्रॉ पर रोका

भारतीय फुटबॉल टीम ने शुक्रवार को बेंगलुरु में खेले गए फ्रेंडली फुटबाल मैच में विश्व रैंकिंग में 44वें पायदान पर काबिज पनामा की टीम को 1-1 की बराबरी पर रोक दिया। जानिए कैसा रहा मैच के पल पल का हाल?

Image

भारतीय फुटबॉल टीम (फोटो क्रेडिट @AllIndiaFtbl X)

बेंगलुरु: भारतीय फुटबॉल टीम ने शुक्रवार को यहां पनामा के खिलाफ फीफा अंतरराष्ट्रीय मैत्री मैच में अपनी मामूली बढ़त गंवा दी लेकिन फिर भी दुनिया की 44वें नंबर की टीम को 1-1 से ड्रॉ पर रोक दिया। कुछ ही महीने पहले फीफा विश्व कप खेलने वाले देश के खिलाफ यह ड्रॉ निश्चित रूप से मुख्य कोच खालिद जमील के मार्गदर्शन वाली भारतीय टीम का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन माना जाएगा। पनामा की टीम में विश्व कप खेलने वाले कई खिलाड़ी शामिल थे।

भारत के लिए रेयान विलियम्स ने किया गोल

भारत के लिए भारतीय मूल के ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी रेयान विलियम्स ने 41वें मिनट में गोल किया लेकिन उमर वालेंसिया ने 68वें मिनट में बराबरी का गोल कर स्कोर बराबर कर दिया और यह सुनिश्चित किया कि पनामा को उस देश के खिलाफ हार की शर्मिंदगी नहीं झेलनी पड़े जो खेल के प्रति दीवानगी भरे समर्थन के बावजूद फीफा रैंकिंग में 138वें स्थान पर है। यह ड्रॉ भारतीय टीम का मनोबल भी ऊंचा रखेगा जो देश के फुटबॉल इतिहास में अब तक के सबसे कठिन प्रतिद्वंद्वी और पांच बार के विश्व कप चैंपियन ब्राजील के खिलाफ तीन अक्टूबर को कोलकाता में अगले मैत्री मैच में खेलेगी और उसके बाद छह अक्टूबर को दो बार के विश्व चैंपियन उरुग्वे के खिलाफ मुकाबला करेगी।

भारतीय टीम ने रखा पनामा के डिफेंडरों को व्यस्त

पूरे मैच के दौरान भारत ने पनामा के डिफेंडरों को व्यस्त रखे रहा और ऐसे ही एक मूव में पूर्व ऑस्ट्रेलियाई अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी विलियम्स (अब भारतीय पासपोर्ट रखते हैं) ने शुरुआती गोल किया। आकाश मिश्रा की मदद से डिफेंडर बिजॉय वर्गीज ने विलियम्स को पास दिया जिन्होंने इसे पनामा के गोल में पहुंचाकर अपनी टीम को 1-0 से आगे कर दिया। एक गोल से पिछड़ने पर पनामा के कोच थॉमस क्रिस्टियनसेन ने दूसरे हाफ में कुछ बदलाव किए और 68वें मिनट में मेजर लीग सॉकर खिलाड़ी उमर वालेंसिया के शानदार शॉट की बदौलत बराबरी हासिल कर ली।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article